Indian Army Dog Axel : सेना के जवानों को बचाने के लिए डॉग ने दी अपनी जान, आखिरी सांस तक की मदद
जम्मू-कश्मीर, 31 जुलाई: भारतीय सेना के डॉग 'एक्सल' ने बीती रात कश्मीर में आतंकियों के साथ एक ऑपरेशन में अपनी जान गंवा दी। दो साल का एक्सल 26 आर्मी डॉग यूनिट के 10 सेक्टर आरआर काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स के क्षेत्र में 29 राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के साथ आतंकवाद विरोधी अभियान में तैनात किया गया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सल के शरीर में 10 से अधिक घाव और फीमर के फ्रैक्चर की बात सामने आई है। बारामूला में एक्सल को अंतिम श्रद्धांजलि दी गई।
Recommended Video

ऑपरेशन में भेज गए थे सेना के दो डॉग्स
सेना के अधिकारियों के मुताबिक, आतंकियों की गोलियों की चपेट में आने के बाद भारतीय सेना के डॉग एक्सल की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ऑपरेशन में भारतीय सेना के दो बहादुर डॉग्स गए थे। ऑपरेशन की शुरुआत में बिल्डिंग क्लीयरेंस के लिए पहले एक अन्य कुत्ते 'बालाजी' को भेजा गया था। इसके बाद एक्सल को भेजा गया।

गोली लगने के बाद भी सेना के जवानों को किया सचेत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना के डॉग एक्सल जैसे ही दूसरे कमरे में घुसा, वहां पहले से मौजूद आतंकियों ने उसके सिर पर गोलियां मार दीं। कई राउंड की गोलीबार के बाद भी एक्सल वहां से भागा नहीं और जवानों को सचेत कर दिया। बताया गया कि काफी तेज चिल्लाने के बाद एक्सल अपनी जगह पर ही खड़ा रहा और कुछ समय बाद लड़खड़ाते हुए गिर गया।

गोलियों के साथ-साथ फ्रैक्चर और 10 से ज्यादा घाव
जब तक भारतीय सेना के जवान मौके पर पहुंचे तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ऑपरेशन खत्म करने के बाद भारतीय सेना के जवानों ने एक्सेल के शव को वहां से बरामद किया। एक्सल के सिर के पास लगी गोलियों को दिखाते एक जवान का वीडियो भी सामने आया है। एक्सल का कल ही पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में सामने आया है कि उसे गोली लगने के अलावा फ्रैक्चर के साथ 10 से ज्यादा और भी घाव थे। अधिकारियों ने बताया कि एक्सल को कई गोलियां लगी थीं।












Click it and Unblock the Notifications