VIDEO: हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के पिता ने कश्मीर में फहराया तिरंगा, राष्ट्रगान भी गाया
जम्मू, 15 अगस्त: मोदी सरकार ने अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर उसे केंद्र शासित प्रदेश में बदल दिया था। जिस वजह से अब वहां के हालात तेजी से बदल रहे हैं। दो साल पहले कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के मौके पर बंद का आह्वान होता था। साथ ही 14 अगस्त को पाकिस्तान की आजादी के दिन बहुत से लोग जश्न मनाते थे, लेकिन अब वहां पर चारों ओर तिरंगा नजर आ रहा है। साथ ही इस बार आतंकी कमांडर बुरहान वानी के पिता ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान गाया। जिसको देख लोग हैरान रह गए।
Recommended Video

प्रिंसिपल हैं मुजफ्फर वानी
जानकारी के मुताबिक हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर और टॉप आतंकी रहे बुरहान वानी के पिता मुजफ्फर वानी ने पुलवामा जिले के त्राल में आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराया। साथ ही शिक्षकों और छात्रों के साथ राष्ट्रगान गाया। मुजफ्फर वानी त्राल के ही एक स्कूल में प्रिंसिपल हैं। इस कार्यक्रम के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। साथ ही लोग सरकार के प्रयासों की जमकर सराहना कर रहे हैं।

हिजबुल का पोस्टर बॉय था बुरहान
आपको बता दें कि बुरहान वानी त्राल का ही रहने वाला था। पाकिस्तानी आतंकियों के चक्कर में पड़कर उसने हिजबुल ज्वाइन किया। कुछ ही दिनों में उसने घाटी के बहुत से स्थानीय युवाओं को अपने संगठन में भर्ती कर उन्हें पीओके ट्रेनिंग के लिए भेजा। बुरहान सोशल मीडिया पर भी काफी ज्यादा सक्रिय रहता था। साथ ही हर जगह पर उसके पोस्टर नजर आते थे, जिस वजह से उसे हिजबुल का पोस्टर बॉय भी कहा जाने लगा। हालांकि 2016 में एक ऑपरेशन के दौरान सेना ने उसे ढेर कर दिया। जिसके बाद से हिजबुल घाटी में काफी ज्यादा कमजोर पड़ गया है।
क्या पिता ने दिया था इस्तीफा?
वहीं बुरहान के पिता एक स्कूल में प्रिंसिपल थे। कुछ दिनों पहले ये अफवाह फैली कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद शनिवार को वो मीडिया के सामने आए। साथ ही बताया कि उन्होंने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया है। वो बतौर प्रिंसिपल अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं 'आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने सभी विभागों को ध्वजारोहण कार्यक्रम सुनिश्चित करने का आदेश दिया था। उसी के तहत ये कार्यक्रम आयोजित किया गया।

लाल चौक पर भी तिरंगा
आपको बता दें कि श्रीनगर का लाल चौक बहुत ही संवेदनशील जगह है। पहले बहुत से संगठनों ने तिरंगा फहराने की कोशिश की, लेकिन वो नाकामयाब रहे। उस दौरान प्रशासन का मानना था कि लाल चौक पर तिरंगा फहराने पर बहुत से लोग नाराज हो जाएंगे और घाटी का माहौल बिगड़ जाएगा, लेकिन इस बार प्रशासन ने पूरे लाल चौक पर तिरंगे के रंग वाली लाइट लगवा दी।












Click it and Unblock the Notifications