जम्मू कश्मीर: CRPF के वाहन को पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, 5 जवान घायल
Jammu Kashmir, जम्मू-कश्मी के जम्मू जिले में एक सड़क दुर्घटना में सीआरपीएफ के पांच जवान घायल हो गए। घायलों में 4 एसआई और 1 जवान हैं।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के पांच जवान घायल हो गए। यह भीषण हादसा ट्रक और सीआरपीएफ के वाहन के बीच टक्कर के चलते हुआ। इस सड़क दुर्घटना में घायल हुए पांचों सीआऱपीएफ जवानों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
जम्मू संभाग के उधमपुर जिले के मांड इलाकेमें ड्राइवर द्वारा तेज और लापरवाही से चलाए जा रहे एक ट्रक ने सीआरपीएफ के एक वाहन को टक्कर मार दी। इसमें सीआरपीएफ के चार उपनिरीक्षक और एक जवान घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों की पहचान एएसआई बृजलाल, सार्जेंट अशोक कुमार, एएसआई गोविंद राज, एएसआई एस सिल्वर राज और एएसआई रोमेश के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक घायल जवान सीआरपीएफ 137 बटालियन के हैं। वे क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के वाहन में गश्त कर रहे थे। तभी एक ट्रक ने उनके वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। उधमपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा, घायल सैनिकों को कटरा के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर कश्मीर घाटी के गांदरबल जिले के कंगन इलाके में बुधवार को सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में करीब नौ लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें से छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसकेआईएमएस) श्रीनगर रेफर किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications