श्रीनगर की डल झील में ओपन एयर थिएटर शुरू, स्थानीय लोगों और टूरिस्टों ने 'कश्मीर की कली' देखी पहली फिल्म
श्रीनगर, अक्टूबर 30। जम्मू कश्मीर में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है। दरअसल, श्रीनगर की फेमस डल झील में पहली बार ओपन-एयर फ्लोटिंग थिएटर की शुरुआत हुई है। शनिवार को इस ओपन-एयर फ्लोटिंग थिएटर को लॉन्च किया गया। इस थिएटर का उद्घाटन जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव अरुण कुमार मेहता ने किया।

जम्मू कश्मीर में अर्से बाद सिनेमा की शुरुआत
आपको बता दें कि इस थिएटर की शुरुआत केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के अंदर पूरी तरह से टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिहाज से की गई है। इस पहल के जरिए कश्मीर में अब फिर से सिनेमा की शुरुआत होगी, क्योंकि जम्मू कश्मीर में लंबे अर्से से थिएटर बंद हैं। बॉलीवुड के फिल्ममेकर कश्मीर को 'फोटोग्राफरों' का स्वर्ग कहते हैं।

लॉन्चिंग के मौके पर दिखाई गई 'कश्मीर की कली' फिल्म
ओपन-एयर फ्लोटिंग थिएटर की लॉन्चिंग के मौके पर डल झील पूरी तरह से चमचमाती रोशनी से नहाती हुई नजर आई। इस मौके पर रंग बिरंगी रोशनी शिकारा रैली नेहरू पार्क से होते हुए कबूतर खाना तक गई, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने कश्मीरी गीत गाए और नृत्य किया, जिसने मेहमानों और राहगीरों का मनोरंजन किया। इस दौरान टूरिस्टों और स्थानीय लोगों को बॉलीवुड फिल्म 'कश्मीर की कली' दिखाई गई।

आने वाले समय में देश और दुनिया से लोग आएंगे जम्मू कश्मीर
जम्मू-कश्मीर सरकार के पर्यटन और संस्कृति सचिव सरमद हफीज ने कहा कि ओपन-एयर फ्लोटिंग थिएटर से प्रदेश में पर्यटन को फायदा होगा। उन्होंने ANI से बात करते हुए कहा, "शाम की एक्टिविटज को लेकर हमारी काफी मांगे हैं। खुली हवा की अवधारणा बहुत अनोखी है, इस दुनिया में कहीं भी नहीं मिलती है। यह कश्मीर में पर्यटन को बहुत फायदा पहुंचाएगी। इस थिएटर का शिकारा, हाउसबोट मालिक, होटल उद्योग खुले हाथों से टूरिस्टों का स्वागत कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब धीरे-धीरे सर्दियों का मौसम आ रहा है तो उम्मीद है कि देश और दुनिया के लोग जम्मू कश्मीर का दौरा करेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications