कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों संग मुठभेड़ जारी, 2 आतंकी ढेर
नई दिल्ली, 29 मई: कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है। इसी क्रम में रविवार को पुलवामा जिले के गांदीपोरा इलाके में आतंकियों और भारतीय सेना के बीच फिर से मुठभेड़ हुई। इलाके में दो से तीन आतंकी छिपे बताए जा रहे हैं। जिनको जवानों ने चारों ओर से घेर लिया है। मुठभेड़ में आसपास के लोग दखल ना दे पाएं, इसके लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षाकर्मियों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार इलाके में लश्कर के दो आतंकी छिपे हैं।

जानकारी के मुताबिक गांदीपोरा में कुछ आतंकियों के छिपे होने की खुफिया खबर मिली थी, जिस पर भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जवानों को पास आता देख आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसका मुहंतोड़ जवाब दिया जा रहा है। वहीं आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार ना हो जाएं, इसके लिए घेराबंदी को मजबूत कर दिया गया है।
अनंतनाग में दो आतंकी ढेर
वहीं शनिवार को अनंतनाग जिले में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें दो आतंकी मारे गए, जो काफी वक्त से हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हुए थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक बिजबेहरा के शितिपुरा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खबर मिली थी। जब वो पहुंचे तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसका जवाब देते हुए जवानों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया।
अमरनाथ यात्रा को लेकर अलर्ट
वहीं दूसरी ओर 30 जून से अमरनाथ यात्रा भी शुरू हो रही है। जिसको लेकर भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस अलर्ट पर है। हाल ही में द रेजिस्टेंस फ्रंट ने धमकी भरा पत्र जारी किया था। पुलिस के मुताबिक यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीर्थयात्री भयमुक्त माहौल में बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications