जम्मू कश्मीरः कुलगाम में पुलिस गश्ती दल पर आतंकी हमला, एक पुलिसकर्मी शहीद
जम्मू, अगस्त 07: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शनिवार शाम को एक पुलिस दल पर आतंकवादी हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया। हमले के बाद भाग निकले आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने घटनास्थल के आस-पास के इलाके को घेरते हुए एक तलाशी अभियान चलाया है। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा का हिट स्क्वाड कहे जाने वाले आतंकी संगठन टीआरएफ ने ली है।

अधिकारियों ने बताया कि, पुलिस का एक दल जिला कुलगाम के दम्हाल हांजीपोरा इलाके के पोम्बई में शाम को नियमित गश्त पर निकला था। पोम्बे में पहुंचने पर पुलिस दल ने एक जगह नाका लगाया। कहा जाता है कि इस जगह पर अक्सर पुलिसकर्मी शाम को कुछ समय के लिए नाका लगाते हैं। वहीं पास बाग में आतंकी छिपे हुए थे। उन्होंने पुलिस दल पर अपने स्वचालित हथियारों से फायरिंग शुरु कर दी।
पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए अपनी पोजीशन ली और जवाबी फायर किया। इस दौरान गोली लगने से एक पुलिसकर्मी गंभीर रुप से जख्मी हो गया। घायल हुए पुलिसकर्मी की पहचान निसार अहमद वागे के तौर पर हुई है। अधिकारियों ने बताया कि, अस्पताल में इलाज के दौरान घायल पुलिसकर्मी की मौत हो गई। कश्मीर जोन पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी आतंकवादी हमले में एक पुलिसकर्मी के मारे जाने की पुष्टि की है।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में सुरक्षाबलों ने सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि पुलिस पार्टी पर इस आतंकी हमले से शनिवार की सुबह ही सुरक्षाबलों की बडगाम में आतंकियों से मुठभेड़ हुई थी। सुबह-सुबह हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया था जबकि एक आतंकी जिंदा भी पकड़ा गया था।












Click it and Unblock the Notifications