समोसा लेने आए युवक को लाइन में लगने को कहा तो खौलती कड़ाही में डाला पानी, कई ग्राहक जले
जयपुर, 21 मार्च। राजस्थान की राजधानी जयपुर के रामगंज पुलिस थाना इलाके में समोसा के लिए लाइन में लगने की कहने पर गुस्साए युवक ने खौलती हुई कड़ाही में पानी डाल दिया, जिससे कई ग्राहक झुलस गए। एसआई बन्ने सिंह ने बताया कि बालजी की कोठी स्थित दुकान पर समोसे बेचने वाले अतीकुर्रहमान की रिपोर्ट पर तौसीफ अंसारी नाम के युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित बालजी की कोठी स्थित अपनी दुकान पर समोसे बेच रहा था। उस समय ग्राहकों की काफी भीड़ दुकान पर मौजूद थी। तभी वहां पर तौसीफ अंसारी समोसा खरीदने आया। उसने दुकानदार से समोसे की मांग की। दुकानदार ने उससे कहा कि थोड़ा समय लगेगा, क्योंकि पहले जो ग्राहक आए हुए हैं। उन्हें समोसा दिया जाएगा। यह बात सुनकर तौसीफ भड़क गया और पीड़ित पर पहले समोसा देने के लिए दबाव बनाने लगा। जिस पर पीड़ित ने तौसीफ को पहले समोसा देने से मना कर दिया।
इस पर तौसीफ ने दुकान में रखा बीस लीटर पानी का कैन उठाकर समोसा बनाने वाली कड़ाई के खौलते हुए तेल में गिरा दिया। जैसे ही तौसीफ ने पानी से भरा कैन कढ़ाई में डाला वैसे ही उबलता हुआ तेल उछल कर ग्राहकों और पीड़ित पर जा गिरा। जिसके चलते आधा दर्जन लोग झुलस गए और मौके पर भगदड़ मच गई। राहगीरों ने झुलसे हुए लोगों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications