JD Vance Jaipur: जयपुर में US उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का शाही स्वागत, हथिनी चंदा-पुष्पा करेंगी मेहमाननवाजी
JD Vance Jaipur Visit: राजस्थान की राजधानी जयपुर में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड (जेडी) वेंस के स्वागत की तैयारियाँ चरम पर हैं। वेंस आज रात 9:30 बजे अपने परिवार और प्रतिनिधिमंडल के साथ जयपुर पहुंचेंगे और 24 अप्रैल तक शहर में रुकेंगे। इस ऐतिहासिक दौरे के लिए जहां सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर की है, वहीं पारंपरिक राजस्थानी अंदाज़ में स्वागत की झलक भी भरपूर देखने को मिलेगी।
आमेर महल जाएंगे जेडी वेंस
वेंस का स्वागत आमेर महल के सूरजपोल गेट पर दो शाही हथिनियों चंदा और पुष्पा के जरिए किया जाएगा। चंदा, जो 28 वर्ष की है, अपनी सूंड से माला पहनाकर अतिथियों का अभिनंदन करेगी, जबकि 19 वर्षीय पुष्पा उपराष्ट्रपति को सलामी देगी। दोनों हथिनियों को चांदी के होदे पहनाए जाएंगे और पारंपरिक आभूषणों से सजाया जाएगा। इन्हें हाथी गांव में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे पूरे सम्मान के साथ मेहमानों का स्वागत कर सकें।

वहीं दूसरी ओर, सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज़ से भी वेंस का यह दौरा बेहद अहम है। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी के साथ राजस्थान पुलिस और अन्य भारतीय एजेंसियाँ तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाए हुए हैं। वेंस के काफिले में बुलेटप्रूफ लिमोजिन कारों की विशेष श्रृंखला शामिल की गई है, जिनमें कुछ अमेरिका से लाई गई हैं और कुछ भारत सरकार द्वारा लीज पर ली गई हैं। ये कारें न केवल बुलेटप्रूफ हैं, बल्कि कैमिकल अटैक तक को झेलने की क्षमता रखती हैं।
वेंस और उनके परिवार के ठहरने के लिए रामबाग पैलेस के विशेष सुईट को सजाया गया है, जिसमें उनके परिवार की तस्वीरें लगाई गई हैं और लिली व रोज़ के फूलों से डेकोरेशन किया गया है। खास बात यह है कि वेंस और उनकी पत्नी शाकाहारी भोजन पसंद करते हैं, इसलिए होटल में उनके लिए विशेष शाकाहारी राजस्थानी व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं, जो सोने-चांदी की कटलरी में परोसे जाएंगे।
यह भी पढ़ें- पहली डेट पर ही Vance ने कर दिया था प्यार का इजहार, पढ़िए जेडी और उषा की अनोखी दास्तान!
परकोटे के भीतर से गुजरने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और न्यू गेट से बड़ी चौपड़ तक रास्तों को सफेद कपड़े से ढक दिया गया है। जेएलएन मार्ग, आमेर, सिटी पैलेस और अन्य पर्यटन स्थलों के आसपास ट्रैफिक रूट को अगले चार दिन तक डायवर्ट किया गया है। वेंस के हर मूवमेंट से 10-15 मिनट पहले ट्रैफिक पूरी तरह से रोक दिया जाएगा और "तीसरी आँख" यानी कमांड रूम की सीसीटीवी निगरानी में पूरा रूट रहेगा।
यह भी पढ़ें- JD Vance Jaipur Visit: US उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की सुरक्षा में 371 अफसर तैनात, जयपुर में क्या-क्या देखेंगे?
जयपुरवासियों से पुलिस ने अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से इन क्षेत्रों में यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, विशेषकर परीक्षाओं और कामकाजी गतिविधियों में देरी से बचने के लिए। वेंस के जयपुर दौरे से शहर में एक ओर जहां गौरव और उत्साह का माहौल है, वहीं यह दौरा भारत-अमेरिका संबंधों में सांस्कृतिक और रणनीतिक साझेदारी को एक नई ऊँचाई देने की उम्मीद भी जगा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications