Rajeev Kumar Sharma DGP Rajasthan: राजीव शर्मा होंगे राजस्थान के नए डीजीपी, ये 5 IPS अफसर भी थे दौड़ में
Rajeev Sharma DGP Rajasthan: राजस्थान पुलिस में अगला पुलिस महानिदेशक (DGP) कौन होगा? मौजूदा डीजीपी, आईपीएस यूआर साहू की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के बाद अब नए डीजीपी की तलाश खत्म हो गई है। आईपीएस राजीव शर्मा का राजस्थान का नया डीजीपी बनना लगभग तय है। राजस्थान सरकार ने राजीव शर्मा को रिलीव करने के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेजा है। इनके समेत कुल छह आईपीएस अधिकारी राजस्थान डीजीपी की दौड़ में थे।
दरअसल, 1988 बैच के आईपीएस यूआर साहू दिसंबर 2023 से डीजीपी के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने हाल ही में वीआरएस के लिए आवेदन किया था, जिसे अब स्वीकार कर लिया गया है। मूल रूप से ओडिशा के निवासी साहू को राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

राजस्थान पुलिस महानिदेशक पद के दौड़ में राजस्थान कैडर के सीनियर आईपीएस राजीव कुमार शर्मा, संजय अग्रवाल, राजेश निरवान, राजेश आर्य, अनिल पालीवाल व आनंद श्रीवास्तव का नाम शामिल हैं। राजीव कुमार शर्मा दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे थे। आइए जानते हैं राजस्थान के नए डीजीपी की दौड़ में शामिल आईपीएस अधिकारियों के बारे में।

1. राजीव कुमार शर्मा, आईपीएस (बैच 1990)
राजस्थान पुलिस में यूआर साहू के बाद सबसे वरिष्ठ आईपीएस राजीव कुमार शर्मा 15 मार्च 1966 को जन्मे। मूल रूप से मथुरा (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं। उनके पास एम.ए. और एम.फिल की डिग्री है। वर्तमान में वे भारत सरकार में पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D), नई दिल्ली के महानिदेशक पद पर कार्यरत हैं। शर्मा भरतपुर और जयपुर के एसपी रह चुके हैं।

2. राजेश निरवान, आईपीएस (बैच 1992)
राजेश निरवान का जन्म 8 जनवरी 1969 को जोधपुर में हुआ था। उनके पास बीएससी (ऑनर्स, केमिस्ट्री) और एमबीए की डिग्री है। वे वर्तमान में नागरिक विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS), नई दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर हैं। इससे पहले वे जयपुर, कोटा, टोंक, सवाई माधोपुर और झालावाड़ के एसपी रहे हैं।

3. संजय अग्रवाल, आईपीएस (बैच 1992)
लखनऊ में जन्मे संजय अग्रवाल (जन्म: 27 दिसंबर 1968) ने बी.टेक (इलेक्ट्रिकल) और एलएलएम (अंतरराष्ट्रीय विकास कानून एवं मानवाधिकार) किया है। वर्तमान में वे डीजी, इंटेलिजेंस, राजस्थान, जयपुर के पद पर कार्यरत हैं। वे कोटा, जयपुर, नागौर और बाड़मेर में एसपी रहे हैं।

4. राजेश आर्य, आईपीएस (बैच 1994)
राजेश आर्य का जन्म 16 जनवरी 1968 को हरियाणा में हुआ। उनके पास बीएससी (इंजी.), एम.पी.ए. (लोक प्रशासन) और एम.टेक (कंप्यूटर टेक्नोलॉजी) की डिग्रियां हैं। वे इस समय भारत सरकार में राष्ट्रीय तकनीकी अनुसंधान संगठन (NTRO) के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। राजस्थान में उन्होंने सीकर और करौली में एसपी पद पर सेवाएं दी हैं।

5. अनिल पालीवाल, आईपीएस (बैच 1994)
जोधपुर में जन्मे (10 सितंबर 1971) अनिल पालीवाल के पास बी.टेक (मेकैनिकल) और एमबीए (वित्तीय प्रबंधन) की डिग्री है। वे जयपुर में डीजी, तकनीकी सेवाएं (दूरसंचार व यातायात) के पद पर कार्यरत हैं। वे उदयपुर, जयपुर, सीकर, चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर जिलों में एसपी रह चुके हैं।

6. आनंद कुमार श्रीवास्तव, आईपीएस (बैच 1994)
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जन्मे (13 मई 1967) आनंद कुमार श्रीवास्तव एम.ए. (राजनीति विज्ञान) की डिग्रीधारी हैं। वर्तमान में वे एडीजी, सशस्त्र बटालियन, राजस्थान, जयपुर पद पर तैनात हैं। वे अजमेर, भरतपुर, जयपुर और बारां में एसपी रह चुके हैं।
RPSC अध्यक्ष बनने के बाद क्या बोले यूआर साहू?
राजस्थान लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष बनने के बाद पूर्व डीजीपी यूआर साहू ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि RPSC उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वीकार किया कि आयोग में कई समस्याएं हैं जिन्हें सुधारने के लिए मेहनत करनी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता यह होगी कि आयोग द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाएं बिना किसी विवाद के सफलतापूर्वक संपन्न हों।












Click it and Unblock the Notifications