Rajasthan के नए डीजीपी होंगे उमेश मिश्रा, जानिए मिश्रा कैसे बने गहलोत सरकार के संकटमोचक
Rajasthan में अशोक गहलोत सरकार ने नए डीजीपी की नियुक्ति कर दी है। डीजी इंटेलिजेंटस उमेश मिश्रा राजस्थान के 35 वें नए डीजीपी होंगे। कार्मिक विभाग में देर रात आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। उमेश मिश्रा निवर्तमान डीजीपी एमएल लाठर की जगह लेंगे। एमएल लाठर एक नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में 1 मई 1964 को जन्मे उमेश मिश्रा 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। मिश्रा वर्तमान में कांग्रेस सरकार के संकटमोचक भी रहे हैं। वह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पहली पसंद माने जाते हैं। पुलिस महकमे में उमेश मिश्रा की गहरी पकड़ है। मिश्रा राजस्थान के चूरू, भरतपुर और पाली जिला एसपी रह चुके हैं। उनकी गिनती तेजतर्रार और निडर आईपीएस के तौर पर की जाती है। उन्होंने डीजी इंटेलिजेंस रहते हुए सेना में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले सैन्य कर्मियों का भंडाफोड़ किया था।

संघ लोक सेवा आयोग ने तय किए थे तीन नाम
राजस्थान के नए डीजीपी की नियुक्ति के लिए संघ लोक सेवा आयोग ने राज्य सरकार से पैनल मांगा था। राज्य सरकार ने एक दर्जन नाम आयोग को भेजे थे। राजस्थान के नए डीजीपी के चयन के लिए 14 अक्टूबर को दिल्ली में बैठक हुई थी। इस बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी सहित अन्य अधिकारी दिल्ली गए थे। संघ लोक सेवा आयोग ने तीन नाम डीजीपी पद के लिए फाइनल किए थे। इन तीनों में से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उमेश मिश्रा के नाम पर मुहर लगा दी। राजस्थान के कार्मिक विभाग ने गुरुवार देर रात नए डीजीपी की आधिकारिक आदेश जारी कर दिए।

राज्य सरकार ने भेजे थे इन अधिकारियों के नाम
आईपीएस भूपेंद्र कुमार दक, उमेश मिश्रा और यूआर साहू डीजीपी पद के लिए प्रबल दावेदार थे। लेकिन उमेश मिश्रा के नाम पर सीएम गहलोत ने मुहर लगा दी है। उमेश मिश्रा सीएम गहलोत के संकटमोचक माने जाते हैं। वरिष्ठता के हिसाब से डीजी जेल भूपेंद्र कुमार दक और डीजी इंटेलिजेंस उमेश मिश्रा प्रबल दावेदार थे। सेवानिवृत्ति में 6 माह से कम समय होने के कारण एसीबी के डीजी बीएल सोनी और बीएसएफ के डीजी पंकज कुमार सिंह पहले ही दौड़ से बाहर हो गए थे। नीना सिंह पर उनके पति आईएस रोहित कुमार सिंह की सीएम गहलोत से तनातनी भारी पड़ी है। राज्य सरकार ने डीओपीटी को 12 नाम भेजे थे। इनमे 1988 बैच के उत्कल रंजन साहू, 1989 बैच के भूपेंद्र कुमार दक, 1989 बैच के उमेश मिश्रा, 1989 बैच की नीना सिंह, 1990 बैच के राजीव कुमार शर्मा, 1990 बैच के जंगा श्रीनिवास, 1993 बैच के रवि प्रकाश मेहरड़ा, 1991 बैच के डीसी जैन, ए पोन्नूचामी और सौरभ श्रीवास्तव, 1993 बैच के राजेश निर्वाण और हेमंत प्रियदर्शी के नाम शामिल थे। आयोग ने इनमें से 3 नाम राज्य सरकार को भेजे थे। जिस पर राजस्थान के कार्मिक विभाग ने गुरुवार देर रात नए डीजीपी के तौर पर उमेश मिश्रा के नाम की घोषणा की है।













Click it and Unblock the Notifications