जयपुर में शाही लवाजमें के साथ निकाली जा रही है तीज की सवारी, सोने के आभूषणों सजी है तीज माता
जयपुर, 31 जुलाई। राजस्थान के जयपुर में 2 साल बाद तीज की सवारी निकाली जा रही है। तीज माता को सोने के आभूषणों से सजाकर चांदी के रथ में सिटी पैलेस से निकालकर जयपुर की सवारी कराई जा रही है। सवारी के दौरान मांगणियार लोक गायन मयूर डांस और राधा कृष्ण की झांकी देखने को मिल रही है। तकरीबन डेढ़ सौ कलाकार राजस्थानी अंदाज में अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। जयपुर की तीज की सवारी विश्व प्रसिद्ध है। इस बार भी इसे देखने के लिए देश-विदेश से लोग जयपुर पहुंचे हैं। साल में दो बार तीज और गणगौर की प्रतिमा को बाहर निकाला जाता है। पूर्व राजपरिवार की महिलाएं माता की पूजा अर्चना करती है। इसके बाद आम लोगों को दर्शन के लिए माता की सवारी को नगर भ्रमण पर निकाला जाता है। ऐसा कहा जाता है कि तीज माता के दर्शन करने पर हर मनोकामना पूर्ण होती है।

जनानी ड्योढ़ी से निकलकर तालकटोरा पहुंचेगी सवारी
कोरोना काल में तीज की सवारी को बंद कर दिया गया था। 2 साल बाद सवारी निकलने से शहरवासियों में उत्साह है। सवारी को लेकर कई दिनों से तैयारियां की जा रही थी।प्रतिमा को सोने के आभूषणों से सजाया गया है। चांदी के रथ में बैठकर शाही लवाजमें के साथ शाम 6 बजे सवारी निकाली गई। इस दौरान लोग तीज माता के दर्शन कर रहे हैं।

कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच निकल रही सवारी
तीज की सवारी के दौरान जगह-जगह पुलिस के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस के जवानों के साथ होमगार्ड और आरएसी के जवान भी तैनात किए गए हैं। सवारी के लिए त्रिपोलिया, चौड़ा रास्ता, किशनपोल, छोटी चौपड़ और गणगौरी बाजार के ट्रैफिक को डाइवर्ट किया गया है।

शाही लवाजमें के साथ शान से निकली तीज की सवारी
तीज के अवसर पर महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए तीज माता का व्रत करती हैं। चार-पांच दिन पहले ही तीज की तैयारियां शुरू हो जाती है। सिटी पैलेस में कई दिन पहले से तैयारियां शुरू हो चुकी थी। इसे देखने के लिए देसी विदेशी सैलानी जयपुर आते हैं। महिलाएं मेहंदी सजाती हैं। इस बार तीज की सवारी में सबसे आगे विशालकाय हाथी पर पचरंगा था। इसके बाद राज परिवार के सेवादार निकले। चार घोड़े और 6 बैल के साथ बग्गी व पालकी पर नगाड़े बजाते हुए तीज माता को त्रिपोलिया गेट से बाहर निकाला गया। शहर में तीज माता की सवारी शाही लवाजमें के साथ शान से निकाली जा रही है।













Click it and Unblock the Notifications