राज को बाजरे के खेत में पुलिस ने घेरा तो शार्प शूटर ने सिर में गोली मारी, झुंझुनूं का रहने वाला था सुक्खा
जयपुर, 13 अक्टूबर। कोटपूतली इलाके में देर रात शार्प शूटर सुक्खा बदमाश ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। शार्प शूटर शराब ठेकेदार की हत्या के मामले में पिछले 6 महीने से फरार था। घटना के दौरान उसके साथ दो अन्य बदमाश भी थे।

दरअसल, खेतड़ी थाना पुलिस सुक्खा को पकड़ने कोटपूतली पहुंची तो इस दौरान उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया तो पिस्टल से सुक्खा ने खुद के सिर में गोली मार ली और सुक्खा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को अस्पताल में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार रूपाचंद उर्फ सुक्खा गुर्जर खेतड़ी झुंझुनूं का रहने वाला है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान सुक्खा की मौत हो गई। सुक्खा खेतड़ी में शराब ठेकेदार की हत्या के मामले में 6 महीने से फरार चल रहा था। इस पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। सुक्खा के खिलाफ हत्या, लूट और मारपीट के चार मामले दर्ज थे।
कोटपूतली थानाधिकारी दिलीप सिंह को रात करीब 11 बजे सुक्खा की लोकेशन मिली। पुलिस बाला का नांगल में पहुंची तो उसके साथ दो अन्य युवक भी थे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे। तीनों युवक स्कॉर्पियों गाड़ी में सवार थे। गाड़ी को हाईवे से उतारकर बाजरे के खेत में घुसा दिया। फिर गाड़ी से उतर कर भागने लगे। तीनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। दो युवक दूसरी दिशा में भाग गए।
पुलिस ने सुक्खा को अंधेरे में चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरा देखकर सुक्खा ने पिस्टल से सिर में गोली मार ली। पुलिस ने पास आकर देखा तो उसकी मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर एसपी शंकरदत्त शर्मा, एएसपी रामकुमार कस्वां, डीएसपी दिनेश यादव मौके पर पहुंचे। जयपुर से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। सुक्खा झुंझुनूं जिले के खेतड़ी के दूदवा का रहने वाला था।












Click it and Unblock the Notifications