Reet Paper Leak : डेढ़ घंटे पहले ही मोबाइल पर मिल गया था पेपर, 2 पुलिसकर्मियों समेत 8 गिरफ्तार
जयपुर, 27 सितम्बर। राजस्थान में 26 सितम्बर को 16 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने रीट परीक्षा 2021 में हिस्सा लिया। रीट पेपर लीक और नकल रोकने के लिए राजस्थान सरकार ने पुख्ता इंजताम किए थे। पेपर लीक प्रकरण संलिप्त पाए जाने पर सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त किए जाने तक के आदेश निकाल दिए थे।

राजस्थान सरकार ने कई जिलों में इंटरनेट सेवाएं भी बंद रखी। इसके बावजूद REET Exam में नकल रोकने के लिए की गई नेटबंदी को पुलिस के ही कुछ कर्मचारियों ने भेदकर रख दिया। सवाई माधोपुर जिले की गंगापुरसिटी में दो पुलिसकर्मियों को अपनी-अपनी पत्नियों को रीट एग्जाम में नकल कराने के आरोप में पकड़ा गया है। दोनों पुलिसकर्मियों की पत्नियों के अलावा चार अन्य अभ्यर्थियों को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते आरोपी पुलिस कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल यदुवीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
गंगापुर सिटी एएसपी हिमांशु ने बताया कि पुलिस ने नकल के आरोप में कुछ 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दो पुलिसकर्मी और दो उनकी पत्नियां हैं। रीट लेवल-2 की परीक्षा सुबह 10 बजे से थी, लेकिन इससे करीब डेढ़ घंटे पहले ही यानी 8:32 बजे ही इसका पेपर एक कांस्टेबल के मोबाइल पर आ गया था। मामले की जांच की जा रही है।
दरअसल, बताया जा रहा है कि पिछले दिनों गंगापुर में पेपर लीक करवाने की कोशिश में पकड़े गए देशराज के मोबाइल से मिले नंबरों के आधार पर इस पेपर लीक कांड का खुलासा हुआ है। पुलिस को हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और कांस्टेबल यदुवीर सिंह का नंबर देशराज के मोबाइल चैट में मिला था।
देवेंद्र की पत्नी लक्ष्मी गुर्जर और यदुवीर सिंह की पत्नी सीमा गुर्जर का परीक्षा केंद्र गंगापुर में था। देशराज के मोबाइल में मिले नंबरों के आधार पर पुलिस ने सभी मोबाइल को सर्विलांस पर ले रखा था। परीक्षा के करीब डेढ़ घंटे पहले ही इनको पेपर मिल गया था। इसके बाद एसओजी ने पुलिस के साथ मिलकर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications