राजस्थान के मूर्तिकार लक्ष्मण व्यास ने तैयार किया नए संसद भवन की छत पर लगा अशोक स्तंभ
जयपुर, 12 जुलाई। ये हैं लक्ष्मण व्यास। जाने-माने मूर्तिकार हैं। नए संसद भवन की छत पर लगाया गया अशोक स्तंभ भी इन्होंने ने ही बनाया है। लक्ष्मण व्यास मूलरूप से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के नोहर के रहने वाले हैं। लक्ष्मण व्यास देश विदेश में 300 से ज्यादा नामी प्रतिमा बना चुके हैं। ये राजस्थान विश्वविद्यालय से मूर्तिकला में डिग्रीधारक हैं। बात चाहे दिल्ली एयरपोर्ट पर लगाई गई हाथी की प्रतिमाओं की हो या वाघा बॉर्डर पर श्याम सिंह अटारी। इनके अलावा इंदिरा गांधी, जवाहरलाल नेहरू व पंडित दीनदयाल उपाध्याय समेत कई नामी हस्तियों की प्रतिमाएं लक्ष्मण व्यास बना चुके हैं।

पत्रिका की खबर के मुताबिक संसद भवन की छत पर लगाए गए अशोक स्तंभ को मूर्तिकार लक्ष्मण व्यास के निर्देशन में जयपुर के स्टूडियो शिल्पिक में चालीस कारीगरों ने तैयार किया गया है। इसे बनाने में पांच माह का समय लगा। अशोक स्तंभ सारनाथ में राजा अशोक के बनवाए स्तंभ का प्रतिरूप है। इसमें चार शेर वृत्ताकार रूप में एक साथ खड़े हैं। इन शेरों के साथ एक हाथी, एक दौड़ता घोड़ा, एक बैल और धर्म चक्र भी है।
बता दें कि अशोक स्तंभ की डिजाइन टाटा ने तैयार की है। इस स्तंभ के कुल 150 टुकड़े है। इन्हें गैस वेल्डिंग और आर्गन तकनीक से जोड़ा गया है। अलग-अलग टुकड़ों में तैयार कर दिल्ली ले जाया गया। सोमवार को नए संसद भवन की छत पर लगाए गए अशोक स्तंभ का अनावरण पीएम नरेंद्र मोदी ने किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने मूर्तिकार लक्ष्मण व्यास से भी बात की।
मूर्तिकार लक्ष्मण व्यास का दावा है कि यह देश का सबसे बड़ा अशोक स्तंभ है। यह अशोक स्तंभ 6.5 मीटर ऊंचा और 16,000 किलोग्राम का है। यह उच्च शुद्धता वाले कांस्य से बना है। अशोक स्तंभ को सहारा देने के लिए लगभग 6,500 किलोग्राम का स्टील का स्ट्रेक्चर बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications