बिजनेस पिता ने थिनर उड़ेलकर इकलौते बेटे को जिंदा जलाया, डेढ़ करोड़ का हिसाब नहीं मिल रहा था
जयपुर, 8 अप्रैल। बिजनेस में डेढ़ करोड़ रुपए का हिसाब नहीं मिलने पर पिता ने इकलौते बेटे को जिंदा जला दिया। पिता ने बेटे पर थिनर उड़ेलकर आग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात सात दिन पहले कर्नाटका की राजधानी बेंगलुरु में हुई है। यह परिवार राजस्थान का रहने वाला है। थिनर से झुलसे बेटे ने गुरुवार को दम तोड़ा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजस्थान के 55 वर्षीय सुरेंद्र जैन का बेंगलुरु शहर के चामराजपेट क्षेत्र के आजाद इलाके में कंस्ट्रक्शन और फैब्रिक का बिजनेस है। सुरेंद्र का 25 वर्षीय बेटा अर्पित ही पिता का बिजनेस संभालता है। सुरेंद्र को बिजनेस में डेढ़ करोड़ का हिसाब नहीं मिल रहा था। इस पर अर्पित से इस बारे में पूछा तो वह सही जवाब नहीं दे पाया। इस बात को लेकर 1 अप्रैल को दोनों में बहस हो गई।
बेटे से नाराज सुरेंद्र ने गुस्से में उस पर थिनर उड़ेल दिया। इस पर वह घबरा कर गोदाम से बाहर आ गया। पीछे आ रहे पिता ने आते ही पहले एक माचिस जलाकर उसकी ओर फेंकी, लेकिन वह बच गया। आरोपी पिता ने दूसरी बार माचिस लगा जैसे ही उस पर फेंकी कपड़ों ने तुरंत आग पकड़ ली। इस हादसे के बाद अर्पित का सात दिन तक इलाज चला। इसके बाद गुरुवार को बेंगलुरु के विक्टोरिया हॉस्पिटल में बेटे ने दम तोड़ दिया।
मीडिया से बातचीत में आरोपी पिता सुरेंद्र जैन ने बताया कि चार पीढ़ियों से उनका परिवार बेंगलुरु में रह रहा है। राजस्थान में पाली-सिरोही के आस-पास के रहने वाले हैं। जैन का कहना था कि वे अपने बेटे को समझा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।












Click it and Unblock the Notifications