Rajasthan News : गहलोत सरकार के मंत्री महेश जोशी सहित आठ के खिलाफ एफआईआर दर्ज, जानिए क्या है मामला
राजस्थान में जमीन विवाद के मामले को लेकर एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने पर गहलोत सरकार के मंत्री महेश जोशी समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।

Rajasthan News : राजस्थान में गहलोत सरकार के कैबिनेट मंत्री महेश जोशी सहित आठ लोगों के खिलाफ जमीन विवाद के मामले में एक व्यक्ति के सुसाइड करने पर एफआईआर दर्ज हुई है। इस मामले में मंत्री का नाम सामने आने के बाद बवाल खड़ा हो गया है। जानकारी के मुताबिक जयपुर के सुभाष चौक में चांदी की टकसाल इलाके में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली थी। बताया जा रहा है कि मंत्री महेश जोशी के साथ क्षेत्र के कई लोग उस व्यक्ति को जमीन पर मकान बनाने से मना कर रहे थे। इस मामले से पिछले कई दिनों से परेशान चल रहे रामप्रसाद ने सोमवार को अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। रामप्रसाद द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद सोमवार देर रात मंत्री महेश जोशी सहित आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मृतक ने वीडियो बनाकर जताई पीड़ा
पीड़ित व्यक्ति रामप्रसाद ने मरने से पहले एक वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा जताई थी। बताया जा रहा है कि पीड़ित ने वीडियो अपनी बेटी को भी भेजा था। वीडियो के मुताबिक मंत्री महेश जोशी सहित कुछ लोगों के नाम लेकर उसने प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। इस मामले में बीजेपी सांसद किरोड़ी लाल मीणा पीड़ित परिवार के धरने पर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि रामप्रसाद ने आत्महत्या करने से पहले किरोड़ी लाल मीणा से अपील कर न्याय दिलाने की गुहार की थी।
मंत्री के खिलाफ हुआ मामला दर्ज
घटना के बाद मृतक रामप्रसाद मीणा के भाई महावीर मीणा ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। क्षेत्र में मंत्री का नाम सामने आने पर क्षेत्रवासियों द्वारा आक्रोश जताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित परिवार ने महेश जोशी पर धमकाने के आरोप लगाए हैं। सुभाष चौक थाने के सीआई रामफूल के मुताबिक मामले में की गई एफआईआर में 8 लोगों के नाम हैं। जिसमें मंत्री महेश जोशी का नाम भी शामिल है। मामले की जांच के लिए केस फाइल पुलिस के उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications