Rajasthan News: राजस्थान के कई जिलों में 27 ठिकानों पर ईडी का तलाशी अभियान जारी, गरमाई प्रदेश की सियासत
राजस्थान में पेपर लीक प्रकरण को लेकर ईडी की कार्रवाई जारी है। प्रदेश में 27 ठिकानों पर कई लोगों के आवास परिसर में तलाशी अभियान जारी है। राजस्थान में ईडी की कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई है।

Rajasthan News: राजस्थान में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव नजदीक आने के साथ ही प्रदेश में जांच एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई है। ईडी ने वरिष्ठ शिक्षक सैकंड ग्रेड पेपर लीक मामले में PMLA, 2002 के तहत सोमवार को राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, डूंगरपुर, बाड़मेर, सीकर और जालौर में 27 ठिकानों पर कई लोगों के आवासीय परिसरों में तलाशी अभियान चलाया है। राजस्थान में इस मामले को लेकर सियासत गरमा गई है। हालांकि इस मामले को लेकर ईडी ने अभी तक कोई जानकारी साझा नहीं की है।
किरोड़ी लाल मीणा ने लगाए वैभव गहलोत पर भ्रष्टाचार के आरोप
राजस्थान में ईडी की कार्रवाई को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। बीजेपी सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय में शिकायत दर्ज कराई है। किरोड़ी लाल मीणा ने ईडी के जयपुर स्थित कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात कर होटल फेयरमाउंट में मॉरीशस की शैल कंपनी के द्वारा करीब 100 करोड रुपए निवेश संबंधी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर परिवाद सौंपा है। ईडी अधिकारियों को परिवाद देने के बाद सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि वैभव गहलोत और फेयरमाउंट होटल के मालिक रातनकांत शर्मा के खिलाफ ईडी को सबूत दिए हैं।
जांच एजेंसियों की भूमिका को लेकर सीएम गहलोत का पलटवार
राजस्थान में चुनाव से पहले जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पलटवार किया है। सीएम गहलोत ने सीकर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जब भी किसी राज्य में चुनाव होने वाले होते हैं तो ईडी को वहां भेज दिया जाता है। जिन राज्यों में विपक्षी दल सत्ता में है। वहां ईडी को भेजा जाता है। ईडी दबाव में कम कर रही है। जो सही नहीं है। हमें ईडी या सीबीआई से कोई समस्या नहीं है। लेकिन उनको दबाव में काम नहीं करना चाहिए। आपको बता दें प्रदेश में पेपर लीक प्रकरण और भ्रष्टाचार को लेकर ईडी की कार्रवाई लगातार जारी है।












Click it and Unblock the Notifications