Rajasthan News: राजस्थान में चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, जानिए भाजपा में क्यों शामिल हुई ज्योति मिर्धा
Rajasthan News: राजस्थान में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस टिकटों के एलान की तैयारी में हैं। उसे ठीक पहले पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता ज्योति मिर्धा ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने उन्हें पार्टी ज्वाइन कराई। कांग्रेस की पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा ने राजस्थान में कानून व्यवस्था को लेकर गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। कई लोग वहां घुट रहे हैं। लेकिन अपनी बात ऊपर तक पहुंचाने के बाद भी कांग्रेस हाईकमान इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। इसलिए लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
राजस्थान की हालत दयनीय
भाजपा मुख्यालय पर पार्टी में शामिल होने के बाद पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा ने कांग्रेस हाईकमान और अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की हालत दयनीय हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व के कारण उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में वह भाजपा को राजस्थान में बड़ी जीत दिलाने का प्रयास करेंगी।

पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी थी ज्योति मिर्धा
ज्योति मिर्धा ने साल 2019 में नागौर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस सीट पर आरएलपी और भाजपा के गठबंधन के चलते हनुमान बेनीवाल चुनाव मैदान में उतरे थे। लोकसभा चुनाव में ज्योति मिर्धा को हार का मुंह देखना पड़ा था। हनुमान बेनीवाल नागौर सीट से लोकसभा के सांसद हैं। लेकिन बीजेपी और आरएलपी का गठबंधन टूट चुका है। पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा के भाजपा में शामिल होने के बाद उनके नागौर सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई है। ऐसे में यदि ज्योति मिर्धा नागौर से लोकसभा का चुनाव लड़ती है तो इस सीट पर कड़े मुकाबले की संभावना है। आपको बता दें नागौर सीट जाट बाहुल्य सीट है। ऐसे में इस सीट पर भाजपा को एक बड़े जाट चेहरे की तलाश थी। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा ज्योति मिर्धा को नागौर सीट से चुनाव मैदान में उतर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications