Rajasthan News: सीडब्लूसी की बैठक के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सचिन पायलट बड़ा दावा, जानिए पूरा मामला
Rajasthan News: राजस्थान में दो महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश के सियासी गलियारों में राज्य के भावी मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी के साथ इस बात की भी चर्चा है कि राजस्थान में कांग्रेस अगर सत्ता में वापसी करती है तो अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने हैदराबाद में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद इस सवाल का जवाब खुद दिया है। सचिन पायलट ने दावा किया है कि राजस्थान में कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाएगी। आपको बता दें कि 2018 के विधानसभा चुनाव के समय सचिन पायलट प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष थे। पायलट का दावा है कि उनके अध्यक्ष रहते हुए कांग्रेस सत्ता में आई थी। लेकिन पार्टी ने अशोक गहलोत को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया था।
नवनिर्वाचित विधायक और पार्टी का नेतृत्व तय करेंगे मुख्यमंत्री
हैदराबाद में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान सचिन पायलट ने राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर सवाल किया गया। इस पर पायलट ने कहा कि हम एकजुट होकर आगे बढ़ रहे हैं। हमारा शीर्ष नेतृत्व आगे बढ़कर अभियान का नेतृत्व करेगा। हम एकजुट होकर चुनाव लड़ते हैं। एक बार हमें जनादेश मिल जाता है तो नवनिर्वाचित विधायक और पार्टी नेतृत्व तय करते हैं कि कौन सरकार का नेतृत्व करेंगे।

सीडब्लूसी की बैठक से पूरे देश में अलग संदेश गया
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा कि हैदराबाद में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक ने पूरे देश में बहुत अलग संदेश दिया है। दो दिवसीय बैठकों में सार्थक चर्चा हुई है। इसमें सभी सदस्यों ने खुले मन से अपनी राय दी है। बैठक में आने वाले विधानसभा चुनाव में पांच राज्यों में कांग्रेस की सरकार कैसे बने। इस पर चर्चा की गई। इंडिया गठबंधन को लेकर सचिन पायलट ने कहा कि एनडीए को हराने के लिए इंडिया एलाइंस बना है। इसे लेकर सभी आपस में चर्चा कर रहे हैं। कांग्रेस इसमें बड़ी भूमिका निभा रही है। लेकिन एलाइंस के सभी साथियों से चर्चा करने के बाद ही अंतिम निर्णय पर पहुंचेंगे।












Click it and Unblock the Notifications