Rajasthan News: 25 लाख पशुपालकों को पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान के लिए मिलेगा अनुदान, सीएम गहलोत ने दी मंजूरी
Rajasthan News: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के 25 लाख पशुपालकों को एक-एक पशु (गाय/भैंस) के लिए कृत्रिम गर्भाधान करवाने हेतु 50 प्रतिशत या 500 रुपए की सीमा तक अनुदान दिए जाने की स्वीकृति दी है। साथ ही वर्ष 2023-24 में 5 लाख कृत्रिम गर्भाधान किए जाने हेतु 36.65 करोड़ रुपए के बजट प्रावधान की सैद्धान्तिक स्वीकृति भी प्रदान की है।
सीएम गहलोत ने दी सैद्धांतिक स्वीकृति
पशुपालन विभाग द्वारा वर्ष 2023-24 में सेक्स सोर्टेड सीमेन से 5 लाख कृत्रिम गर्भाधान किया जाना प्रस्तावित है। भारत सरकार द्वारा प्रति डोज की कीमत वर्तमान में 675 रुपए निर्धारित है। इस प्रकार 5 लाख डोज खरीदने के लिए 33.75 करोड़ रुपए एवं अन्य संसाधनों के लिए 2.90 करोड़ रुपए की सैद्धान्तिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

सीएम गहलोत ने बजट में की थी घोषणा
मुख्यमंत्री ने प्रति कृत्रिम गर्भाधान पर 335 रुपए अनुदान दिए जाने एवं 340 रुपए पशुपालकों से लिए जाने अथवा प्रति गर्भाधान 50 प्रतिशत या 500 रुपए की सीमा में अनुदान दिये जाने की मंजूरी दी है। इससे राज्य सरकार पर वर्ष 2023-23 में 16.75 करोड़ रुपए का भार आएगा। सीएम गहलोत की इस स्वीकृति से पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशु प्राप्त हो सकेंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री गहलोत ने इस सम्बन्ध में बजट वर्ष 2023-24 में घोषणा की थी।












Click it and Unblock the Notifications