राजस्थान: पूनिया और राठौड़ की खींचतान में नेता प्रतिपक्ष बन सकते हैं कैलाश मेघवाल, जानिए सियासी समीकरण
राजस्थान में भाजपा का शीर्ष नेतृत्व बदलाव के मूड में है। पार्टी ने चितौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया है। अब प्रदेश में कैलाश मेघवाल को नेता प्रतिपक्ष बनाने की चर्चा तेज हो गई है।

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने राजस्थान में चल रहे सियासी घमासान को खत्म करने का मन बना लिया है। पार्टी ने सतीश पूनिया की जगह सांसद सीपी जोशी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बड़ा संदेश दिया है। इसी बीच चर्चा है कि नेता प्रतिपक्ष के लिए राजेंद्र राठौड़ और सतीश पूनिया में चल रही खींचतान के बीच पार्टी कैलाश मेघवाल को नेता प्रतिपक्ष बना सकती है। राजनीति के जानकारों की माने तो पार्टी ने प्रदेश में जाट-राजपूत से इतर नए जातीय समीकरणों पर काम करना शुरू कर दिया है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि कैलाश मेघवाल को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के बाद प्रदेश में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल का कद कमजोर हो जाएगा। पिछले कुछ समय से प्रदेश में लगातार अर्जुन मेघवाल का कद बढ़ता जा रहा था। माना जा रहा था कि पार्टी उन्हें कोई बड़ा पद देकर चेहरा बना सकती है।
सभी जातियों को साथ लेकर चलने की कवायद
राजस्थान भाजपा में दलित समुदाय से आने वाले कैलाश मेघवाल को नेता प्रतिपक्ष बना सकती है। इसके पीछे पार्टी की सभी जातियों साथ लेकर चलने की कवायद माना जा रहा है। कैलाश मेघवाल मौजूदा सरकार में भीलवाड़ा जिले की शाहपुरा से विधायक हैं। उन्हें विधायिका का लंबा अनुभव है। मेघवाल राजस्थान में विधानसभा अध्यक्ष और केंद्र में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा कैलाश मेघवाल भाजपा संगठन में भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं। मेघवाल प्रदेश में नौवीं बार विधायक हैं और टोंक सवाई माधोपुर से लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं।

अर्जुन मेघवाल का कद कमजोर होने की चर्चा
पार्टी प्रदेश में कैलाश मेघवाल को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर चुनौती है तो चर्चा है कि इसका असर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल के कद पर भी दिखेगा। राजनीति के जानकार बताते हैं कि प्रदेश में पिछले कुछ समय से पार्टी का शीर्ष नेतृत्व पीएम मोदी के कार्यक्रमों में अर्जुन मेघवाल को जिस तरीके से तरजीह दे रहा था। माना जा रहा था कि पार्टी अर्जुन मेघवाल को प्रदेश में बड़े चेहरे के तौर पर सामने ला सकती है। लेकिन पार्टी यदि कैलाश मेघवाल को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त कर देती है तो इसके असर अर्जुन मेघवाल के बढ़ने वाले कद पर भी दिखाई देंगे।













Click it and Unblock the Notifications