राजस्थान: सीएम गहलोत ने बजट में दी किसानों और पशुपालकों को बड़ी सौगात, लंपी से मरने वाले पशुओं का मिलेगा मुआवजा
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट भाषण के दौरान प्रदेश के किसानों और पशुपालकों को कई सौगात दी है। सीएम गहलोत ने लंपी से मरने वाले दुधारू पशुओं के पशुपालकों को 40 हजार मुआवजा देने की घोषणा की है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सदन में बजट भाषण पढ़ने के दौरान कई बड़ी घोषणाएं की है। सीएम गहलोत ने कृषि बजट में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि लंपी से मरे गाय दुधारू पशुओं के मामले में राहत प्रदान की जाएगी। सरकार पशुपालक को प्रति गाय 40 हजार का मुआवजा देगी। सीएम कामधेनु बीमा योजना का ऐलान किया गया है। उसके लिए 750 करोड़ का सालाना खर्च आएगा। प्रदेश में प्रत्येक पशुपालक के 22 पशु बीमित हो सकेंगे।

पशुपालकों को मिलेगा पशु मित्र योजना का लाभ
सीएम गहलोत ने पशु मित्र योजना का भी ऐलान किया है। प्रदेश में 25 लाख पशुपालकों को सेक्स सॉर्टेड सीमन आईवीएफ का फायदा पहुंचाया जाएगा। वागड़ क्षेत्र में बांसवाड़ा की डायरी फिर से शुरू होगी। आरसीडीएफ के जरिए 10 हजार नए सरस पार्लर खोले जाएंगे। मत्स्य पालन को प्रोत्साहित किया जाएगा। चूरू में खारा पानी एक्वाकल्चर प्रयोगशाला की स्थापना होगी। प्रदेश की नंदी शालाओं में अनुदान बढ़ाकर 12 महीने करने की घोषणा की गई। प्रत्येक नंदी शाला के ऊपर एक हजार करोड़ रूपए खर्च किया जाएगा। वहीं कृषि आधारित उद्योगों के लिए डीएलसी की दरें कृषि भूमि के बराबर होगी। भू अभिलेखों की नकल और सीमा ज्ञान काश्तकारों को निशुल्क मिलेगा।
सहकारी बैंकों के जरिए बढ़ेगा ऋण वितरण
सीएम गहलोत ने कहा कि सहकारी बैंकों के जरिए ऋण वितरण बनाया जाएगा। सहकारी बैंकों से 3 हजार करोड़ के ब्याज ऋण मुक्त कराने की घोषणा की गई। इसके लिए 1050 करोड रुपए ब्याज अनुदान मिलेगा। खेत में आवास बनाने वाले किसानों को होम लोन पर 5% का ब्याज अनुदान किया जाएगा। सीएम गहलोत ने ऐलान किया कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना में 1450 करोड़ रुपए के कार्य कराए जाएंगे। भूमि भवन के बकाया मामलों के निस्तारण के लिए काम किया जाएगा। किसान एप के माध्यम से सीमा ज्ञान, गिरदावरी सहित अन्य कार्य ऑनलाइन किए जा सकेंगे। किसान को एप के जरिए ऑनलाइन गिरदावरी कर सकेंगे। इसके लिए 12 करोड़ की लागत से सिस्टम तैयार किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications