Preeti Jain IPS : कौन हैं राजस्थान की ये पहली पुलिस अफसर जिन्हें केंद्रीय वित्त मंत्रालय में पोस्टिंग मिली?
राजस्थान कैडर में 2009 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीति जैन टोंक, हनुमानगढ़ व दौसा जिले में एसपी भी रह चुकी हैं। ये वित्त मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के रूप में सीधे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को रिपोर्ट करेंगी।

राजस्थान पुलिस में भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी प्रीति जैन अब केंद्र में भी सेवाएं देते नजर आएंगी। आईपीएस प्रीति जैन को केंद्रीय वित्त मंत्रालय में पोस्टिंग दी गई हैं। ये वित्त मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के रूप में सीधे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को रिपोर्ट करेंगी। मीडिया की खबरों में दावा किया जा रहा है कि पहली बार राजस्थान की किसी महिला आईपीएस अफसर को वित्त मंत्रालय में पोस्टिंग दी गई है।

प्रीति जैन के पास अर्थशास्त्र में विशेष योग्यता
बता दें कि राजस्थान के काबिल पुलिस अफसरों में से एक आईपीएस प्रीति जैन मूलरूप से श्रीगंगानगर की रहने वाली हैं। यूपीएससी 2008 में सफलता हासिल कर साल 2009 की आईपीएस अधिकारी बनीं। इनके पास अर्थशास्त्र में विशेष योग्यता है। इसी वजह से वित्त मंत्रालय व केंद्रीय कार्मिक व प्रशिक्षण मंत्रालय के स्तर पर साक्षात्कार के बाद प्रीति जैन को दिल्ली में 12 दिसम्बर से पोस्टिंग दी गई है।

गंगानगर में 22 दिसम्बर को जन्मी आईपीएस प्रीति जैन
श्रीगंगानगर में 22 दिसम्बर 1980 को जन्मी प्रीति जैन के पास नेट के अलावा अर्थशास्त्र में एमफिल की डिग्री है। प्रीति जैन टोंक, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़ व दौसा में पुलिस अधीक्षक पद पर भी सेवाएं दे चुकी हैं। इन्हें दौसा व चित्तौड़गढ़ की पहली महिला एसपी होने का गौरव भी हासिल है। इनके पति पति राहुल जैन भी आईपीएस हैं।

आईपीएस प्रीति जैन का सर्विस रिकॉर्ड
बता अगर बतौर आईपीएस प्रीति जैन के सर्विस रिकॉर्ड की करें तो 20 अक्टूबर 2011 को जोधपुर में एएसपी के रूप में सेवाएं शुरू की। इसके बाद राजस्थान पुलिस अकादमी जयपुर, आरपीटीसी जोधपुर, एसपी एसीबी जयपुर, टोंक, हनुमानगढ़, चित्तौड़गढ़ व दौसा के पद पर रहीं। अब नई दिल्ली में उप सचिव, आर्थिक मामलों का विभाग, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के पद पर सेवाएं देने लगी हैं।












Click it and Unblock the Notifications