Rajasthan: सांसद किरोड़ी लाल मीणा का जलक्रांति का आगाज, जयपुर के लिए कूच, बस्सी में पुलिस ने रोका
जयपुर, 9 अगस्त। भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने आदिवासी दिवस के मौके पर ईआरसीपी को लेकर जल क्रांति का आगाज किया। दौसा के मीणा हाईकोर्ट में आयोजित जनसभा में किरोड़ी लाल ने सीएम अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा। किरोड़ी लाल मीणा समर्थकों के काफिले के साथ सीएम आवास को घेरने के लिए जयपुर रवाना हुए। बस्सी में पुलिस ने किरोड़ी मीणा के काफिले को रोक लिया। सरकार की ओर से मंत्री विश्वेंद्र सिंह किरोड़ी मीणा से वार्ता करने के लिए बस्ती पहुंचे। वार्ता में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और अरुण चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। इससे पहले किरोड़ी मीणा ने सीएम गहलोत पर जमकर निशाना साधा। किरोड़ी मीणा ने कहा कि ईआरसीपी को लेकर सीएम गहलोत गलत राजनीति कर रहे हैं। यह 37 हजार करोड़ का प्रोजेक्ट है। लेकिन सीएम गहलोत कह रहे हैं कि राज्य सरकार 10 हजार करोड रुपए देगी। गहलोत का दावा है कि वे इस परियोजना को पूरा करेंगे। लेकिन मैं कहता हूं कि हजार गहलोत भी आ जाएंगे तो परियोजना को पूरा नहीं कर पाएंगे। राज्य सरकार का खजाना खाली है। सीएम गहलोत के मुताबिक प्रोजेक्ट बनाया गया तो कभी पानी नहीं मिल सकेगा।

किरोड़ी लाल मीणा का शक्ति प्रदर्शन
भाजपा सांसद किरोडी लाल मीणा की जलक्रांति को उनके शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। सांसद किरोडी मीणा ने 75 हजार लोगों के साथ अपने हाथों में तिरंगा लेकर जयपुर कुछ करने का ऐलान किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास को घेरने की बात कही है। किरोड़ी लाल मीणा को दौसा जिले के कांग्रेस व भाजपा विधायकों का समर्थन मिल रहा है। गहलोत के मंत्री मुरारी लाल मीणा और पायलट कैंप के विधायक जीआर खटाणा ने किरोड़ी का खुलकर समर्थन किया है। लेकिन किरोड़ी की धुर विरोधी और दोसा से भाजपा सांसद जसकौर मीणा ने कार्यक्रम से दूरी बनाई है।

भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों की गैर मौजूदगी की चर्चा
भाजपा सांसद किरोडी लाल मीणा की जलक्रांति में भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों की गैर मौजूदगी चर्चा का विषय है। भाजपा नेता ईआरसीपी को राष्ट्रीय कार्यक्रम घोषित करने के मामले में सीएम गहलोत पर निशाना साधते रहे हैं। सांसद किरोड़ी लाल मीणा इस कार्यक्रम में 2 लाख लोगों के जुटने का दावा कर रहे हैं। भाजपा नेताओं के कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहने की अहम वजह सिरोही में बीजेपी का प्रदेश स्तरीय विस्तार प्रशिक्षण वर्ग माना जा रहा है। पार्टी के तमाम बड़े नेता और पदाधिकारी सिरोही में व्यस्त हैं। भाजपा सांसद किरोड़ी मीणा के कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह सिरोही में मौजूद रहे। माना जा रहा है सिरोही के प्रशिक्षण वर्ग में व्यस्तता के चलते भाजपा नेता और पदाधिकारी किरोड़ी लाल मीणा के कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।












Click it and Unblock the Notifications