पिंकी मीणा RAS : घूस में रंगे हाथ होंगे पीले, जेल से 10 को रिहाई, 16 को शहनाई और जानिए 21 से तन्हाई क्यों?
जयपुर। राजस्थान में दस लाख रुपए की रिश्वत में रंगे हाथ पीले होने जा रहे हैं। यानी शादी हो रही है। महिला अफसर की शादी की खास बात यह है कि इसमें 10 को रिहाई, 16 शहनाई और 21 से तन्हाई है। नाम है पिंकी मीणा। येे 13 जनवरी के बाद से पूरे राजस्थान में खासी चर्चा में है।

शादी के लिए मिली जमानत
दरअसल, राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) की अधिकारी पिंकी मीणा बीते 29 दिन से जेल में थीं। दस फरवरी को इन्हें से जेल से अंतरिम जमानत मिली है। जमानत के साथ शर्त यह है कि दस दिन बाद इन्हें वापस कोर्ट में सरेंडर करना होगा। जमानत की वजह यह है कि पिंकी मीणा आरजेएस अधिकारी से शादी कर रही हैं। यानी 16 फरवरी को इनके घर शहनाई बजेगी।

21 फरवरी से तन्हाई क्यों?
12 फरवरी को मेहंदी व हल्दी रस्म और 16 को सात फेरे लेने के बाद 21 फरवरी को पिंकी मीणा न्यायालय में सरेंडर करना होगा। अगले दिन 22 फरवरी को इनके केस में फिर सुनवाई होगी। संभवतया इन्हें दुबारा जेल भेजा सकता है। ऐसे में शादी के महज 5 दिन बाद से सलाखों के पीछे यानी तन्हाई की बात कही जा रही है।

बांदीकुई एसडीएम थीं पिंकी मीणा
जानकारी के अनुसार दौसा जिले में हाईवे निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी से दस लाख रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में पकड़ी गई बांदीकुई उपखंड अधिकारी आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा को अंतरिम जमानत दे दी है। राजस्थान में संभवतया यह पहला मामला जब कोई महिला एसडीएम को शादी करने के लिए अंतरिम जमानत पर आई हो।

क्या है दौसा घूसकांड?
बता दें कि दौसा जिले में एक कंपनी भारतमाला परियोजना (दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस हाइवे) का निर्माण कर रही है। कंपनी के अधिकारियों से रिश्वत मांगने के आरोप में 13 जनवरी 2021 को बांदीकुई एसडीएम रहते हुए पिंकी मीणा को दस लाख रुपए की घूस मांगने और दौसा एसडीएम पुष्कर मित्तल को पांच लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए एसीबी ने पकड़ा था। तब से आरोपी पिंकी मीणा जेल में थीं। इसी प्रकरण में दौसा एसपी रहे मनीष अग्रवाल को भी एसीबी पकड़ चुकी है। आईपीएस मनीष अग्रवाल पर कंपनी से 38 लाख की घूस लेने का आरोप है।

किसान की बेटी पिंकी, सरकारी स्कूल में पढ़कर बनी अफसर
बता दें कि पिंकी मीणा जयपुर जिले में चौमूं के चिथवाड़ी गांव की रहने वाली हैं। किसान की बेटी हैं। सरकारी स्कूल से पढ़ाई पूरी करने वाली पिंकी मीणा ने पहली बार में ही RAS की परीक्षा क्लीयर कर ली थी, लेकिन 21 साल उम्र नहीं होने के कारण वे इंटरव्यू नहीं दे पाई थीं। इसके बाद 2016 में फिर से मेरिट के साथ परीक्षा क्लियर की। पहली पोस्टिंग टोंक में मिली थी। खबर है कि 16 फरवरी को इनकी आरजेएस अधिकारी से शादी हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications