Jaipur: युवक की हत्या के बाद रामगंज बाजार बंद, सरकार 50 लाख रुपए, डेयरी बूथ व नौकरी
राजस्थान की राजधानी जयपुर में बाइक टक्कर के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले ने तूल पकड़ लिया है। तनाव को देखते हुए रामगंज बाजार करवा दिया गया।
राजस्थान सरकार ने मृतक युवक के परिवार को 50 लाख रुपए आर्थिक सहायता, डेयरी बूथ अलॉट करने के साथ ही परिजनों को संविदा पर नौकरी दिए जाने की घोषाणा की है।

इधर, रात से ही जयपुर के सुभाष चौक पुलिस थाना इलाके में घटनास्थल के आस-पास अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। खुद सीएम अशोक गहलोत ने लोगों से शांति की अपील की है। मौके पर एसटीएफ की कंपनी को भी तैनात किया गया है।
दरअसल, शुक्रवार रात करीब 12 बजे जयपुर में फूटा खुर्रा रामगंज निवासी 18 वर्षीय इकबाल मजीज बाइक पर सवार होकर जयसिंहपुरा खोर से घर जा रहा था। रास्ते में गंगापोल में राहुलजी का बाजार में इकबाल की मोटरसाइकिल दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
रात को छोटे से एक्सीडेंट के बाद बात इतनी बढ़ गई थी कि सुभाष चौक थाने के बाहर भी काफी भीड़ हो गई। लोगों ने पुलिस थाना घेर लिया था। पत्थरबाजी होने की बात भी सामने आई। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। थाने के घेराव की सूचना पाकर देर रात डीसीपी नॉर्थ, एडिशनल कमिश्नर, रामगंज थाने, माणक चौक थाने, ब्रह्मपुरी थाना और लाइन से भी जाब्ता मौके पर पहुंचा।
एक्सीडेंट के बाद इकबाल का स्थानीय लोगों से भी विवाद हो गया। लोगों ने उसे इस कदर पीटा कि उसकी जान चली गई। इकबाल की मौत की सूचना पर शनिवार सुबह इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इकबाल पर हमला करने वाले युवक जयपुर के सुभाष चौक पुलिस थाना इलाके में मेहरा बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने अब तक नौ लोगों को डिटेन किया है। वहीं, विधायक आमीन कागजी ने बताया कि सरकार ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications