IND vs NZ T20 मैच आज : SMS स्टेडियम जयपुर में बना था धोनी का बेस्ट स्कोर, कोहली का सबसे तेज शतक
जयपुर, 17 नवंबर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज शाम सात बजे से भारत-न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों के बीच 30 हजार दर्शक क्षमता वाले जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम (एसएमएस) में टी-20 मैच खेला जाएगा। एसएमएस स्टेडियम क्रिकेट इतिहास के कई रिकॉर्ड समेटे हुए हैं। यहीं पर 'कैप्टन कूल' महेंद्र सिंह धोनी ने अपने करियर की सर्वेश्रेष्ठ पारी खेली थी और कप्तान विराट कोहली ने सबसे तेज शतक बनाया था।

आठ साल बाद इंटरनेशनल मैच
सवाई मानसिंह स्टेडियम जयपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट मैच का इंतजार आठ साल बाद बुधवार शाम को भारत व न्यूजीलैंड के टी-20 मैच से पूरा होने जा रहा है। इंटरनेशनल मैच को लेकर एसएमएस स्टेडियम की कड़ी सुरक्षा की गई है। एटीएस के कमांडों तैनात किए गए है। इनके अलावा सुरक्षा में राजस्थान पुलिस भी लगी है।

नौ फरवरी को जयपुर में वेस्टइंडीज का मैच
हाल ही दुबई में हुए टी-20 वर्ल्ड कप के तुरंत बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम भारत के दौरे पर है। दौरे की शुरुआत पिंकी सिटी जयपुर के मैच से हो रही है। भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी-20 के मैच जयपुर के अलावा रांची और कोलकाता में भी खेले जाएंगे। जयपुर में वेस्टइंडीज का मैच 9 फरवरी 2022 को प्रस्तावित है।

आखिरी इंटरनेशनल मैच 2013 में
बता दें कि जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आखिरी इंटरनेशनल आठ साल पहले 16 अक्टूबर 2013 को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था, जिसमें रोहित शर्मा के नाबाद 141 रनों की बदौलत भारत ने आस्ट्रेलिया के 359 विशाल स्कोर को 43.3 ओवर में हासिल करते 9 विकेट से जीत दर्ज की।

विराट कोहली का सबसे तेज शतक
गुलाबी नगर जयपुर का एसएमएस स्टेडियम कप्ताह विराट कोहली और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की यादगार पारियों के लिए भी हमेशा याद किया जाएगा। यहां पर साल 2013 में भारत-आस्ट्रेलिया के मैच में कोहली ने 52 गेंदों में शतक लगाया, जो उनके करियर का सबसे तेज शतक है।

महेंद्र सिंह धोनी की 183 रन की पारी
2005 में 31 अक्टूबर को भारत-श्रीलंका के बीच जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में मैच खेला गया, जिसमें श्रीलंका ने 298 रन बनाए। ओपनर कुमार संगकारा ने 138 रन की नाबाद पारी खेली थी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडियन टीम में महेंद्र सिंह धोनी ने 145 गेंदों में 15 चौके व 10 छक्कों की मदद से 183 रनों की पारी खेली, जो धोनी के करियर की सर्वेश्रेष्ठ पारी है।

एसएमएस स्टेडियम जयपुर का इतिहास
जयपुर स्थित एसएमएस स्टेडियम का निर्माण महाराज सवाई मान सिंह द्वितीय के शासनकाल में हुआ। साल 2006 में 400 करोड़ रुपए खर्च करके एसएमएस स्टेडियम का कायाकल्प किया गया। क्रिकेट विश्वकप 1987 और 1996 के दो मैच एसएमएस स्टेडियम में खेले गए थे। 1987 के भारत-पाकिस्तान टेस्ट मैच देखने के लिए पाकिस्ताान के तत्कालीन राष्ट्रपति जिया उल हक जयपुर आए थे।












Click it and Unblock the Notifications