Rain in Jaipur: जयपुर में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा, एक सप्ताह तक भारी बारिश की चेतावनी
Rain In Jaipur: राजस्थान में मानसून अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। राजधानी जयपुर सहित राज्य के कई जिलों में मंगलवार को मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया। जयपुर में जून महीने में एक दिन में सबसे ज्यादा वर्षा का 10 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और तेज बारिश की संभावना जताई है।
राजस्थान में सबसे अधिक बारिश बांसवाड़ा जिले के सल्लोपट में रिकॉर्ड की गई, जहां पिछले 24 घंटे में 120 मिमी पानी बरसा। इसके बाद जयपुर दूसरे स्थान पर रहा, जहां 77.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जमवारामगढ़ में भी 70 मिमी बारिश हुई।

जयपुर में झमाझम बारिश से सड़कें जलमग्न
मंगलवार सुबह से ही राजधानी में बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर होते-होते प्रतापनगर, झालाना, मानसरोवर, दुर्गापुरा, सी-स्कीम और जेएलएन मार्ग जैसे इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई, जो करीब 30 मिनट तक जारी रही। निचले इलाकों में जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ और सड़कों पर जाम लग गया।
रिकॉर्ड तोड़ वर्षा, जून में अब तक का सबसे अधिक
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक जयपुर में कुल 77.8 मिमी बारिश हुई, जो बीते 10 वर्षों में जून महीने के दौरान किसी एक दिन में सबसे ज्यादा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बारिश पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय हुए एक परिसंचरण तंत्र की वजह से हो रही है, जिसका असर राजस्थान तक पहुंच रहा है।

जयपुर में अगले 5 दिन भारी बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले पांच दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। 25 से 28 जून तक येलो अलर्ट जारी करते हुए मेघगर्जन, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 29 जून को राजधानी में अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों से बचें और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें। आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।












Click it and Unblock the Notifications