राजस्थान के दस जिलों में ओले गिरे, तेज आंधी और बारिश से भी फसलों को नुकसान
जयपुर, 9 मार्च। राजस्थान में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। मंगलवार शाम को प्रदेश के दस से ज्यादा जिलों में ओले गिरे है। तेज आंधी और बारिश का दौर भी चला है। इससे रबी की पकी हुई फसलों को काफी नुकसान हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अजमेर, जोधपुर, कोटा व उदयपुर संभाग में कई स्थानों से चने के आकार के ओले गिरने के समाचार हैं। मौसम विभाग ने इन संभाग के मौसम को लेकर पूर्वानुमान भी जारी किया था।
Recommended Video
राजधानी जयपुर में भी बीती रात बूंदाबांदी हुई है। इसके अलावा शेखावाटी अंचल के सीकर और झुंझुनूं में तेज हवाएं चली हैं। प्रदेश में फाल्गुन का माह शुरू होने के साथ मौसम में बदलाव शुरू हो जाता है। मौसम की वजह से बीते दो साल में 200 करोड़ रुपए की फसल खराब होने का अनुमान है।
खबर है कि मंगलवार को लेक सिटी उदयपुर में झमाझम बारिश हुई। कोटा जिले के ग्रामीण इलाके में जमकर ओले गिरे। पाली के जैतारण क्षेत्र में तेज बारिश के बाद खेतों में पानी भर गया। खेतों में कटी पड़ी फसलें भीग गईं। किसानों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। चित्तौड़गढ़ में तेज आंधी के साथ बैर के आकार के बड़े-बड़े ओले गिरे।
पाली में तेज बारिश के बाद एक घर की छत से सीढ़ियों पर पानी के साथ ओले झरने के रूप में बहकर आने लगे। राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ दुर्ग पर ओलावृष्टि से बर्फ की चादर बिछ गई। जोधपुर के बिलाड़ा क्षेत्र में तेज पानी बरसा। यहां फाल्गुन में सावन की झड़ी जैसा मौसम देखने को मिला। कल शाम मौसम बदलने के बाद डूंगरपुर जिले में भी तेज बारिश रिकॉर्ड की गई।












Click it and Unblock the Notifications