Rajasthan: प्रियंका गांधी को चुनाव आयोग का नोटिस, रैली में बताए थे PM मोदी के लिफाफे के 21 रुपए
Priyanka Gandhi Election Commission Notice: चुनाव आयोग ने प्रियंका गांधी को राजस्थान में चुनावी रैली के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में नोटिस जारी किया है। नोटिस का जवाब 30 अक्टूबर तक देने को कहा है।
प्रियका गांधी ने राजस्थान में चुनावी रैलियों के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के देवनारायण मंदिर के दानपात्र में डाले गए उस लिफाफे का भी जिक्र किया था, जिसमें कथित रूप से 21 रुपए निकले थे। पीएम नरेंद्र मोदी राजस्थान के देवनारायण मंदिर में आए थे तब लिफाफा दानपात्र में डाला था। मंदिर प्रशासन ने उसे छह माह बाद में खोला। दावा किया गया था कि पीएम मोदी के लिफाफे में 21 रुपए निकले थे। चुनावी रैली में प्रियंका गांधी के भाषण को लेकर भाजपा की ओर से चुनाव आयोग को शिकायत की गई थी।

प्रियंका गांधी ने हाल ही दौसा व झुंझुनूं में चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए कहा था कि ''आपने देखा ही होगा, मैंने टीवी पर देखा। पता नहीं सच है कि नहीं। देवनारायण जी के मंदिर में शायद गए थे। कुछ समय पहले। वहां एक लिफाफा डाला है। अब मैंने टीवी पर देखा कि 6 माह बाद वह पीएम द्वारा डाला गया लिफाफा खोला जा रहा है। जनता सोच रही है कि भगवान जाने क्या होगा इस लिफाफे में? देश के इतने बड़े नेता पीएम आए थे। वो लिफाफा डाल कर गए हैं। लिफाफा खोला, 21 रुपए निकले। अब आप ही मुझे बताइए कि एक तरह से यही हो रहा है देश में, घोषणाएं बड़ी बड़ी मंच पर खड़े होकर कैसे-कैसे लिफाफे दिखाए जा रहे हैं आपको और जब आप उन लिफाफो को खोलते हैं जब चुनाव खत्म हो जाता है और बारी आती है कि काम करके दिखाओ तो कुछ नहीं होता''
उल्लेखनीय है कि राजस्थान की 200 सीटों पर एक ही चरण में 25 नवंबर को मतदान होगा। 3 दिसंबर को मतों की गिनती की जाएगी। भाजपा अपनी दो सूचियों में 124 प्रत्याशी मैदान में उतार चुकी है जबकि कांग्रेस ने अपने 19 उम्मीदवारों की तीसरी सूची आज शाम ही जारी की है। इससे पहले 33 व 43 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। कांग्रेस अब तक कुल 95 उम्मीदवारों के टिकट घोषित कर चुकी है।
राजस्थान में अभी कांग्रेस की सरकार है। अशोक गहलोत सीएम हैं। कांग्रेस में सीएम अशोक गहलोत व सचिन पायलट के बीच कुर्सी को लेकर खींचतान चली थी। अब गहलोत व पायलट एकजुट होकर चुनाव मैदान में हैं और कांग्रेस की सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, भाजपा भी एक बार फिर से राजस्थान का रण जीतने के इरादे से चुनाव लड़ रही है। राजस्थान में हर पांच साल बाद सत्ता बदलने के रिवाज की भी चर्चा है। इस बीच राजस्थान में कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई भी खूब हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications