साइबर ठगों ने एडीजी दिनेश एमएन का फोटो लगाकर किया ठगी का प्रयास, साइबर सेल जुटी जांच में
जयपुर, 27 जुलाई। साइबर ठगों द्वारा नामचीन हस्तियों के फोटो लगाकर ठगी का प्रयास करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ठग व्हाट्सएप पर फेक प्रोफाइल बनाकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से धनराशि और गिफ्ट वाउचर की मांग करते हैं। इस बार ठगों ने राजस्थान पुलिस के नामचीन अधिकारी सिंघम के नाम से मशहूर आईपीएस अधिकारी दिनेश एमएन के फोटो का इस्तेमाल किया है। दिनेश एमएन का फोटो लगाकर ठगों के विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से पैसा एवं गिफ्ट वाउचर मांगने का मामला सामने आया है। हालांकि अभी तक कोई भी व्यक्ति साइबर ठगों की ठगी का शिकार नहीं हुआ है। समय रहते एडीजी दिनेश एमएन को उनके फोटो का इस्तेमाल कर ठगी की जानकारी मिल गई। इसके बाद दिनेश एमएन ने सभी लोगों को ऐसे मैसेज का रिप्लाई नहीं करने और उस नंबर को ब्लॉक करने की अपील की है।

महकमें के अधिकारी कर्मचारी हुए चकित
साइबर ठगों ने 8839060836 नंबर का प्रयोग करते हुए एडीजी दिनेश एमएन की फोटो लगाकर व्हाट्सएप पर फेक प्रोफाइल क्रिएट की। उन्होंने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को व्हाट्सएप पर मीटिंग में व्यस्त होने का संदेश भेज धनराशि और गिफ्ट वाउचर की मांग की। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जब ठगों के मैसेज प्राप्त हुए तो वे एडीजी दिनेश एमएन की फोटो देख आश्चर्यचकित हो गए। लेकिन जब उन्होंने नंबर देखा तो वह एडीजी दिनेश एमएन का नंबर ना होकर किसी अन्य व्यक्ति का निकला। मामले की जानकारी मिलते ही एडीजी दिनेश एमएन को इसकी सूचना दी गई। उन्होंने इस बारे में जयपुर पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव से बात कर मामले की जांच करने के लिए कहा। जयपुर पुलिस किस साइबर सेल नंबर के आधार पर ठगों का पता लगाने में जुट गई है। आपको बता दें दिनेश एमएन राजस्थान पुलिस के निडर और ईमानदार आईपीएस अधिकारी के तौर पर जाने जाते हैं।













Click it and Unblock the Notifications