Rajasthan में चाय की चुस्की से मतदाताओं को लुभाएगी BJP, सभी 200 विधानसभा में नियुक्त होंगे विस्तारक
जयपुर, 4 अगस्त। राजस्थान में मतदाताओं को लुभाने के लिए भाजपा नया प्रयोग करने जा रही है। भाजपा प्रदेश में चाय पर चर्चा के दौरान चाय की चुस्कियों के साथ गपशप और मान मनुहार कर गैर भाजपा मतदाताओं को साधेगी। दूसरी पार्टियों को वोट देने वाले मतदाताओं को पार्टी द्वारा अपने पक्ष में मतदान करने के लिए विस्तारक मॉडल अपनाया जाएगा। यह विस्तारक बहुत बारीकी से पार्टी के लिए फुल टाइम काम करेंगे। प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी विस्तारक नियुक्त करेगी। यह विस्तारक 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव तक लगातार फिल्ड में एक्टिव रहेंगे।

पार्टी को देंगे फीडबैक
यह विस्तारक ग्राउंड सर्वे और जिताऊ उम्मीदवारों का फीडबैक भी पार्टी तक पहुंचाएंगे। जालौर के नंद गांव में 7 से 9 अगस्त तक इन विस्तारकों का ट्रेनिंग कैंप लगेगा। जिसमें पार्टी के सभी सीनियर पदाधिकारी और नेता मौजूद रहेंगे। संगठन को मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और नेताओं कार्यकर्ताओं से कोर्डिनेशन का जिम्मा भी इन विस्तारकों के पास रहेगा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने सभी जिला अध्यक्षों के जरिए पार्टी के एक्टिव कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को विस्तारक पद के लिए सेलेक्ट करने को कहा है। सूत्रों की मानें तो नामों की लिस्ट आ चुकी है इस पर विचार करके अब नाम फाइनल कर कभी भी घोषित किए जा सकते हैं। पार्टी द्वारा शॉर्टटर्म और लॉन्गटाइम दोनों तरह के विस्तारक लगाए जाएंगे। पार्टी को फिलहाल अगले 20 महीने तक फील्ड के लिए विस्तारकों की जरूरत है। उन्होंने बताया कि विस्तारक ऐसे एक्टिव कार्यकर्ता हैं। जो चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षा नहीं रखकर पार्टी संगठन के लिए काम करने में ज्यादा विश्वास करते हैं। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को मिले प्रचंड बहुमत के पीछे ऐसे समर्पित कार्यकर्ता की बड़ी भूमिका रही। प्रशिक्षण देकर विस्तारकों को अपने संबंधित क्षेत्रों में भेजा जाएगा।

यह कार्य करेंगे विस्तारक
किसी भी विस्तारक को अपने विधानसभा क्षेत्र में नहीं लगाया जाएगा। उसे दूसरे विधानसभा क्षेत्र का जिम्मा सौंपा जाएगा। यह सभी बूथ कमेटियों, मंडल शक्ति केंद्र, पन्ना प्रमुख, विधायक और सांसद सभी लेवल पर पार्टी नेताओं के टच में रहकर काम करेंगे। विधानसभा और लोकसभा सीट के तमाम समीकरण इकट्ठा करेंगे। इनका मुख्य कार्य रहेगा कि जिन घरों और परिवारों से बीजेपी के वोट नहीं मिलते उन्हें ट्रेसआउट किया जाएगा। यह विस्तारक लोगों के बीच मेलजोल बढ़ा कर और चाय पर चर्चा कर उनसे समझाइश कर बीजेपी के पक्ष में वोट कास्ट करने के लिए मोटिवेट करेंगे। यह विस्तारक नियमित रूप से ऐसे लोगों से संपर्क, उनके हालचाल जानने और व्यवहार बनाने का काम करेंगे। विधानसभा चुनाव के बाद मंडल लेवल पर भी विस्तारक लगाने का विजन है। मंडल लेवल पर भी दूसरे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को विस्तारक के तौर पर लगाया जाएगा।













Click it and Unblock the Notifications