वागड़ में जनजाति गौरव यात्रा पर निकले सतीश पूनिया, आदिवासियों के बीच मनाएंगे मुर्मू की जीत का जश्न
जयपुर, 24 जुलाई। द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से ठीक पहले भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया प्रदेश के आदिवासी बहुल इलाके की पदयात्रा पर निकल गए हैं। पूनिया वागड़ इलाके में 45 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। पूनिया ने बांसवाड़ा स्थित त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन कर यात्रा का आगाज किया। बेणेश्वर धाम तक पदयात्रा करेंगे। इस यात्रा को जनजाति गौरव यात्रा का नाम दिया गया है। मीडिया से बातचीत में पूनिया ने विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति की तरफ इशारा करते हुए अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिए जाने का संकेत दिया है।

आदिवासियों के साथ देखेंगे मुर्मू का शपथग्रहण
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया द्रौपदी मुर्मू के शपथग्रहण समारोह में आदिवासी के बीच रहकर शामिल होंगे। इसके लिए एलईडी की व्यवस्था की गई है। इस पर शपथ ग्रहण समरोह का लाइव कार्यक्रम चलाया जाएगा। पूनिया बांसवाड़ा में आदिवासी समुदाय के बीच बैठकर पूरे कार्यक्रम को लाइव देखेंगे। इस दौरान सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और आदिवासी समुदाय के लोग मौजूद रहेंगे।

वसुंधरा गुट के नेता भी यात्रा में शामिल
भाजपा जनजाति गौरव यात्रा के जरिए पार्टी की एकजुटता का संदेश दे रही है। यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गुट के नेता भी शामिल हो रहे हैं. त्रिपुरा सुंदरी से बेणेश्वर धाम की यह यात्रा दो दिन में पूरी होगी। यह यात्रा बीजेपी की द्रौपदी मुर्मू के जरिए आदिवासी समुदाय को साधने के लिए आयोजित की गई है। इसकी अगुवाई खुद पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया कर रहे हैं. 45 किलोमीटर लम्बी इस यात्रा में पार्टी नेताओं समेत अन्य घटक दलों के सहयोगी भी हिस्सा ले रहे हैं।

गहलोत सरकार पर साधा निशाना
पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने जनजाति गौरव यात्रा के दौरान गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। पूनिया ने संत विजयदास के आत्मदाह पर गहलोत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि साधु संत 500 से ज्यादा दिनों से धरना दे रहे थे। सरकार ने उनकी और ध्यान क्यों नहीं दिया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस सरकार इस घटना के लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं। सरकार किसी भी सूरत में इस मामले से पल्ला नहीं झाड़ सकती। पूनिया ने रोजगार और भ्रष्टाचार के मामले पर भी गहलोत सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेकेगी। प्रदेश में एक बार फिर भाजपा का परचम लहराएगा।













Click it and Unblock the Notifications