सीएम गहलोत को मिले बुलडोजर व चरखा समेत 260 स्मृति चिन्ह 3 करोड़ रुपए में नीलाम
सीएम गहलोत को मिले बुलडोजर व चरखा समेत 260 स्मृति चिन्ह 3 करोड़ रुपए में नीलाम
जयपुर, 7 मई। राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निवास पर दो दिन पहले आयोजित कार्यक्रम में पिछले सालों में मिले स्मृति चिन्हों और उपहारों की नीलामी की गई। इस दौरान बुलडोजर की प्रतिकृति और गांधी प्रतिमा और चरखा भी नीलाम हुआ।

दरअसल, मुख्यमंत्री निवास पर सेवांजली शीर्षक से खास कार्यक्रम हुआ। जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पिछले सालों में मिले स्मृति चिन्हों और उपहारों की नीलामी की गई।नीलामी से करीब 3 करोड़ रुपये की राशि एकत्रित हुई है, जो मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा होगी।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कहना है कि नीलामी से प्राप्त हुई राशि से जरूरतमंद लोगों को राहत प्रदान की जाएगी।जनता इस तरह से जो भी सम्मान देती है उससे अच्छा उदाहरण नहीं हो सकता है।
बता दें कि भारत सेवा संस्थान 1998 से अब तक सात बार इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करवा चुका है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को मिले स्मृति चिन्हों और उपहारों की नीलामी की गई है। सीएम अशोक गहलोत के इस कार्यकाल में दूसरी बार इस तरह का कार्यक्रम आयोजित हुआ है।
सीएम गहलोत ने कहा कि भूकंप, बाढ़,कारगिल युद्ध के समय भी हमने ऐसे ही पैसा सहायता कोष में दिया था। मैं 1962 और 1965 की लड़ाई के समय से देख रहा हूं लोगों ने ऐसे दिल खोलकर खूब दिया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री किसी भी कार्यक्रम-समारोह में जाते हैं तो उन्हें स्मृति चिन्ह या उपहार भेंट किए जाते हैं। इनमें कई कीमती स्मृति चिन्ह या उपहार होते हैं। सीएम गहलोत की सोच रही है कि इनकी नीलामी से एकत्रित राशि से जरूरतमंदों को राहत दी जा सकती है। साथ ही इससे दूसरे लोगों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। इसीलिए भारत सेवा संस्थान द्वारा यह नीलामी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में करीब 260 स्मृति चिन्हों और उपहारों की नीलामी हुई। एक लाख रुपए से ज्यादा की बोली में आइटम खरीदने वाले लोगों का सम्मान भी कार्यक्रम में हुआ। नीलामी में कई खास और आकर्षक स्मृति चिन्ह और उपहार शामिल थे। ज्यादातर स्मृति चिन्ह पूर्व में ही ऑनलाइन ऑक्शन में नीलाम हो चुके थे। पहले यह ऑफलाइन नीलामी मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर 3 मई को होनी थी, लेकिन जोधपुर में हुई घटना के चलते इसे टाल दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications