#BoycottChina : जयपुर में दुकानों के बाहर चाइनीज सामानों के बहिष्कार के लगे 15 हजार पोस्टर
जयपुर में दुकानों के बाहर चाइनीज सामानों के बहिष्कार के लगे 15 हजार पोस्टर
जयपुर। भारत-चीन सीमा पर चल रहे विवाद को लेकर देशभर में चीन के खिलाफ आक्रोश है। 15 जून की रात को गलवान की घाटी में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) पर 20 भारतीय जवानों की शहादत के बाद चीन के प्रति गुस्सा बढ़ता जा रहा है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी चीन के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है। जयपुर के राजा पार्क इलाके की दुकानों के बाहर व्यापारियों ने चीन के सामानों के बहिष्कार के करीब 15 हजार पोस्टर-बैनर लगाए हैं।

जयपुर व्यापार मंडल ने राजा पार्क की दुकानों के बाहर पोस्टर बायकाट मेड इन चाइना अभियान की शुरुआत कर दी है। साथ ही यह फैसला लिया गया है कि अब कोई भी दुकानदार चीन के बने प्रोडक्ट की बिक्री नहीं करेगा। यहां तक की चाइनीज मोबाइल कंपनियों या चाइनीज प्रोडक्ट का डिस्प्ले दुकानों में नहीं होगा। जो लोग चाइनीज मोबाइल खरीदने आएंगे, उन्हें सैमसंग और नोकिया का मोबाइल दिखाया जाएगा।
जयपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित सिंह ने बताया कि हमारे साथ जुड़ने के लिए दुकानदार भी तैयार हैं और हम ग्राहकों को भी जागरूक करेंगे। इसके अलावा जयपुर में चलने वाले वाहनों पर भी बहिष्कार चाइना के स्टिकर लगाएंगे। जयपुर के राजा पार्क बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष रवि नैयर का कहना है कि हम लोग व्यापारी देश के लिए नुकसान सहने के लिए तैयार हैं, लेकिन चीन को उसकी औकात दिखा देंगे। बीस जवानों की शहादत के बाद चीन के प्रति लोगों में गुस्सा ज्यादा है और उसे सबक सिखाने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications