जयपुर एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 1 किलो सोना, दुबई से लाए गए सोने की कीमत 50 लाख
जयपुर 27 जुलाई। राजस्थान में जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों ने जयपुर एयरपोर्ट से 1 किलो सोने के बिस्कुट पकड़े हैं। सोना विमान के भीतर सीट के नीचे छुपाया गया था। अधिकारियों द्वारा जाँच के दौरान सोना पकड़ा गया है। मामले के मुताबिक दुबई से देर शाम फ्लाइट जयपुर पहुंची थी। स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या एसजी-58 के यात्री और एयरलाइन स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। यात्रियों के उतरने के बाद कस्टम अधिकारियों ने चेकिंग की। कस्टम आयुक्त राहुल नागरे के निर्देशन में सहायक कस्टम आयोग भारत भूषण अटल के नेतृत्व में चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई।

सीट के नीचे प्लास्टिक शीट में छुपा कर रखा
अधिकारियों के अनुसार चेकिंग के दौरान विमान की सीट के नीचे प्लास्टिक शीट में सोना छिपा कर रखा गया था। अधिकारियों ने यात्री को एयरपोर्ट बिल्डिंग में पकड़ा सीकर का रहने वाला यात्री महज 10 हजार रूपए की एवज में सोना लेकर भारत आया था। कस्टम अधिकारियों के अनुसार 99.50 फ़ीसदी शुद्धता वाले सोने के बिस्किट की कीमत तकरीबन 50 लाख रुपए रखी गई है। अधिकारियों द्वारा यात्री से पूछताछ की जा रही है। मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

तस्करों के लिए हब बन रहा जयपुर एयरपोर्ट
जयपुर एयरपोर्ट तस्करों के लिए हब बनता जा रहा है। आए दिन यहां तस्करी को लेकर खुलासे हो रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार सोना देने वाले व्यक्ति ने ही यात्री का टिकट करवाया था। कस्टम विभाग की टीम यात्री से पूछताछ करके पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सोना कहां ले जाया जाना था और तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल है। कस्टम विभाग की टीम ने सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के प्रावधानों के तहत सोना जब्त कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों द्वारा यात्री से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।













Click it and Unblock the Notifications