जबलपुर पहुंचे उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, दिया गया गार्ड ऑफ़ ऑनर, दिनभर कई कार्यक्रम
जबलपुर, 18 सितंबर: देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का जबलपुर आगमन हुआ। वायु सेना के विशेष विमान से उनका डुमना एयरपोर्ट पर आगमन हुआ, जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत सरकार के मंत्री, नेताओं ने उनकी आगवानी की। विमानतल पर ही उपराष्ट्रपति को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। जिसके बाद उनका काफिला शहर में आयोजित कई कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुआ। धनखड़ की सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त पुलिस फ़ोर्स तैनात की गई हैं। साथ ही आयोजन स्थलों का ट्रेफिक डायवर्ट किया गया।


जनजातीय नायक गोंड राजा शंकर शाह और उनके पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह का आज बलिदान दिवस मनाया जा रहा हैं। अमर बलिदानी पिता-पुत्र की शहादत को नमन करने उप राष्ट्रपति धनखड़, प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत केन्द्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री पहुंचे हैं। जहां शंकर शाह रघुनाथ शाह के बलिदान की याद में स्थापित उनकी मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। इससे पहले मानस भवन में आयोजित जस्टिस जे एस वर्मा स्मृति व्याख्यान माला कार्यक्रम में शामिल होने उप राष्ट्रपति पहुंचे हैं। दोपहर को मालगोदाम चौक पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद धनखड़ वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद दोपहर 2.15 बजे से दोपहर 3.15 बजे तक एक घंटे का समय रिजर्व रखा गया है। दोपहर बाद उपराष्ट्रपति धनखड़ भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, ट्रेफिक डायवर्ट
महामहिम उप राष्ट्रपति के जबलपुर आगमन के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। व्हीव्हीआईपी के आगमन से लेकर प्रस्थान तक आयोजन स्थलों और उसके आसपास क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया हैं। साथ ही 6 मार्गों पर VVIP के प्रस्थान समय तक आम वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रखा गया हैं। कई मार्गों का ट्रेफिक डायवर्ट किया गया। आम लोगों को भी आवागमन की कोई परेशानी न हो इसके भी पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications