Jabalpur News: बेशकीमती चंदन के पेड़ काटकर ले गए तस्कर, जबलपुर के TFRI में घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
Jabalpur News:लकड़ी तस्करों ने अब मध्य प्रदेश के जबलपुर में धावा बोला और TFRI में लगे बेशकीमती चंदन के दस पेड़ काटकर ले गए। चौकाने वाली बात यह है कि लाखों रुपये के भारी भरकम कीमती पेड़ गायब हो गए और अफसरों को जरा सी भी भनक नहीं लगी।
कुछ महीने पहले बुरहानपुर जिले के नेपानगर फॉरेस्ट एरिया में लाखों रुपये के सागौन के पेड़ गायब हुए थे। बाद में एक IFS लेडी अफसर पूजा नागले ने उन पेड़ों को राजस्थान से बरामद किया था। अब ताजा मामला जबलपुर में सामने आया है, जिसके बाद उष्णकटिबंधीय वन अनुसंधान संस्थान में हड़कंप है।
टीएफआरआई के संपदा अधिकारी राजकुमार के मुताबिक घटना 17-18 जुलाई की रात को हुई। यहां परिसर में लगे 35 से 60 सेंटीमीटर गोलाई के पेड़ काटकर ले जाए गए। सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड को अगले दिन सुबह घटना का पता चला। जिसने अधिकारियों को मामले की सूचना दी।

गायब हुए पेड़ों की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही हैं। विभाग ने इस मामले की शिकायत पुलिस में भी दर्ज करा दी हैं। घटना स्थल पर पुलिस की टीम भी पहुंची लेकिन चोरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका हैं।
इस घटना को अंजाम देने में पूरा संदेह शातिर लकड़ी तस्करों पर ही हैं। TFRI संस्थान बड़े क्षेत्र में फैला हैं। बाहरी व्यक्ति का बिना इजाजत यहां प्रवेश आसान नहीं। उसके बावजूद वन संपदा को तस्करों ने नुकसान पहुंचाया।
संस्थान में सुरक्षा के मद्देनजर CCTV भी लगे हैं। लेकिन घटना के अगले दिन जब फुटेज चेक किए गए, वह सफ़ेद हाथी साबित हुए। घटना के फुटेज रिकॉर्ड ही नहीं हुए। ऐसी स्थिति को पुलिस बड़ी लापरवाही मान रही हैं। हालांकि संस्थान के आसपास के सभी मार्गों में भी जांच पड़ताल शुरू कर दी गई हैं। अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस एंगिल पर भी जांच की जा रही है कि कही इस चोरी की घटना में तस्करों के साथ विभाग के किसी कर्मचारी मिलीभगत तो नहीं।












Click it and Unblock the Notifications