Jabalpur News: ज्वेलर्स शॉप में चूड़ी देखती रह गई मैडम, जबलपुर में लुटेरे लाखों रुपये से भरा बैग लेकर फुर्र
Jabalpur jewellery shop loot: चोर-लुटेरों का भरोसा नहीं, कब कहां और कैसे वारदात को अंजाम दे जाए। मध्य प्रदेश के जबलपुर में दिनदहाड़े बाइक सवार दो लुटेरे एक ज्वेलर्स शॉप में घुसकर ग्राहक का लाखों रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
घटना जबलपुर के ग्रामीण क्षेत्र मंझौली में हुई। जहां एक ज्वेलर्स शॉप पर दो महिलाएं 2 लाख 80 हजार रुपये से भरा बैग लेकर पहुंची थी। महिलाएं ज्वेलरी के आइटम देख रही थी। जब वह चूड़ियाँ देखने में मशगूल हुई तो लुटेरों ने दुकान के अंदर धावा बोला और वारदात को अंजाम दिया।
क्षेत्र के थाना इंचार्ज अविनाश मिश्रा के मुताबिक लुटेरों का शिकार हुई महिलाएं बैंक से रकम निकालकर दुकान पहुंची थी। यह पैसा स्वसहायता समूह का बताया जा रहा हैं। दुकान में लगे CCTV कैमरे में भी आरोपी कैद हुए हैं। उन फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश हो रही हैं।

उधर पलक झपकते ही हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद क्षेत्र में नाकेबंदी भी की गई, लेकिन पुलिस को अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी हैं। दुकान संचालक भी इस घटना को देख हक्का-बक्का रह गया। महिलाओं ने पुलिस को बताया कि वह संतान सप्तमी की पूजा के लिए चूड़ियाँ देख रही थी, तभी उनके पास रखा रुपये से भरा बैग लूट लिया गया। अब महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हैं।
पुलिस दावा कर रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। दुपहियां वाहनों की चेकिंग की भी जा रही हैं। कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लिए जाने की खबर हैं। संभावना जताई जा रही है कि आरोपी महिलाओं का पीछा कर रहे थे। बैंक से पैसे निकालते वक्त इन महिलाओं को लुटेरों ने देख लिया होगा। उसके बाद पीछा करते हुए ज्वेलर्स शॉप तक पहुंच गए। जैसे ही उन्हें दुकानदार और ग्राहक का ध्यान भटका उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।












Click it and Unblock the Notifications