Zohran Mamdani को लेकर अमेरिका में मचा घमासान, ममदानी को ‘लिटिल मोहम्मद’ कहकर ट्रंप समर्थकों ने साधा निशाना
Zohran Mamdani on ICE: 33 वर्षीय जोहरान ममदानी की अमेरिका में धाक मची हुई है। वो क्वींस से स्टेट असेंबली मेंबर और एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट हैं। उन्होंने हाल ही में न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो को डेमोक्रेटिक मेयर प्राइमरी में हराकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी।
अपने चुनावी मंच पर ममदानी ने इमिग्रेशन रिफॉर्म को सेंटर में रखा और वादा किया कि अगर वे मेयर बने, तो वे ICE को शहर की इमारतों से बाहर निकाल देंगे। इसके साथ ही अवैध प्रवासियों के डेटा की सुरक्षा करेंगे, कानूनी मदद बढ़ाएंगे और संघीय एजेंसियों के साथ सहयोग सीमित करेंगे।

उनकी वेबसाइट पर पब्लिश एक बयान में कहा गया है, "जोहरान ममदानी ट्रंप की नीतियों से मेहनतकश जनता को बचाएंगे और एक ऐसा शहर बनाएंगे जहाँ सभी लोग गरिमा के साथ जीवन जी सकें।"
न्यूयॉर्क में समाजवाद बनाम राष्ट्रवाद
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बॉर्डर सलाहकार टॉम होमन ने ममदानी के इन प्रस्तावों को "कानूनी रूप से निरर्थक" बताया और कहा, "गुड लक विथ दैट। संघीय कानून हर दिन, हर घंटे, हर मिनट ममदानी पर भारी पड़ता है।" उन्होंने FOX News को बताया कि ट्रंप प्रशासन के तहत अब ICE न्यूयॉर्क सिटी जैसे सैंक्चुअरी शहरों पर अपनी गतिविधियां और तेज करेगा।
होमन ने कहा, "हम न्यूयॉर्क में अपनी एजेंसी की ताकत दोगुनी और तिगुनी करेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि कार्यस्थलों पर प्रवासन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ "दस गुना" सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने फ्लोरिडा का उदाहरण देते हुए कहा, "फ्लोरिडा में ऐसी दिक्कतें नहीं आतीं क्योंकि वहाँ के शेरिफ हमारे साथ काम करते हैं। न्यूयॉर्क में हम अपनी मौजूदगी बढ़ाएंगे।"
"लिटिल मोहम्मद को देश से निकाला जाए": सांसद एंडी ओग्ल्स का भड़काऊ बयान
इस विवाद को और भड़काते हुए टेनेसी से रिपब्लिकन सांसद एंडी ओग्ल्स ने ममदानी को "लिटिल मोहम्मद" कहते हुए उन्हें अमेरिका से निर्वासित करने की मांग की। उन्होंने X (पहले ट्विटर) पर लिखा, "उसे डिपोर्ट किया जाना चाहिए। मैं इसके लिए नागरिकता निरसन (denaturalisation) की प्रक्रिया शुरू करने की माँग करता हूँ।"
ओग्ल्स ने ममदानी को "यहूदी विरोधी, समाजवादी और कम्युनिस्ट" कहकर उन पर न्यूयॉर्क सिटी को "बर्बाद करने" का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को एक पत्र लिखकर ममदानी की नागरिकता जांच की मांग की और आरोप लगाया कि ममदानी ने नागरिकता धोखाधड़ी से प्राप्त की हो सकती है। उन्होंने 2017 में ममदानी द्वारा लिखे एक रैप गीत का हवाला दिया जिसमें "Holy Land Five" का ज़िक्र था - वह मुस्लिम चैरिटी समूह जिसे 2008 में हमास को अवैध रूप से फंडिंग करने के आरोप में बंद किया गया था।
केवल ICE ही नहीं ये भी है ममदानी की योजनाएं?
हालांकि ICE को बाहर निकालने की उनकी बात सबसे अधिक चर्चा में है, लेकिन ममदानी का चुनावी एजेंडा इससे कहीं बड़ा और व्यापक है। उन्होंने वादा किया है कि वे शहर में सरकार द्वारा संचालित किराना स्टोर शुरू करेंगे, किराए पर रोक लगाएंगे, और बसों को मुफ्त करेंगे। ये योजनाएं वे बड़े व्यवसायों और अमीरों पर $10 बिलियन के टैक्स से वित्तपोषित करना चाहते हैं।
कौन हैं जोहरान ममदानी?
जोहरान ममदानी 2021 से न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली में क्वींस के एस्टोरिया क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे भारतीय-उगांडाई मूल के हैं और जाने-माने फिल्म निर्देशक मीरा नायर के बेटे हैं। उनके प्रगतिशील और समाजवादी विचारों को न्यूयॉर्क सिटी के कुछ वर्गों में भारी समर्थन मिल रहा है। डेमोक्रेटिक प्राइमरी में उनकी जीत को इसी बदलाव की एक बानगी के रूप में देखा जा रहा है।
जोहरान ममदानी की मेयर पद की उम्मीदवारी ने न केवल न्यूयॉर्क, बल्कि पूरे अमेरिका में एक तीव्र राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है। रिपब्लिकन नेता जहां उनकी नागरिकता तक पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं ममदानी खुद को मेहनतकश लोगों और प्रवासियों की आवाज के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि न्यूयॉर्क की जनता किस दिशा में रुख करती है - मौजूदा व्यवस्था की ओर या एक नए, प्रगतिशील एजेंडे की ओर।












Click it and Unblock the Notifications