यूक्रेन नहीं आना चाहते नेतन्याहू, जेलेंस्की ने कहा- इजरायल के तीनों PM को दिया न्योता, मगर कोई नहीं आया
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदोमिर जेलेंस्की ने बुधवार को कहा कि उन्होंने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को यूक्रेन आने के लिए कई बार आमंत्रित किया गया है, लेकिन अन्य विश्व नेताओं के विपरीत, उन्होंने कभी भी मेरे प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।
लिथुआनिया की राजधानी विनियस में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कान न्यूज ने ज़ेलेंस्की से यूक्रेन के इजरायल के साथ संबंधों के बारे में पूछा था। इसके जवाब में जेलेंस्की ने यह बात कही।

जेलेंस्की ने कहा कि न सिर्फ मौजूदा पीएम नेतन्याहू बल्कि इससे पहले के भी दो प्रधानमंत्रियों ने मेरे आमंत्रण को ठुकरा दिया। जेलेंस्की ने कहा कि इजरायल में प्रधानमंत्री बदलते रहे मगर परिणाम एक ही है। नेतन्याहू से पहले इजरायल के पीएम पद पर यायर लैपिड और नेफ्ताली बेनेट थे।
जेलेंस्की ने इजरायली वायु रक्षा उपकरण और विशेष रूप से एंटी-मिसाइल आयरन डोम प्रणाली हासिल करने में यूक्रेन की रुचि पर भी टिप्पणी की। यूक्रेनी प्रेसिडेंट ने कहा, कि वे इजरायल से उनका आयरन डोम मिसाइल डिफेंस सिस्टम हासिल करना चाहते हैं, ताकि वे रूसी मिसाइलों के हमले रोक सकें।
जेलेंस्की ने कहा कि इजराइल ने उन्हें इसके लिए कई बार भरोसा दिया है लेकिन आजतक उन्हें ये हैंड ओवर नहीं किया गया है। रूस और यूक्रेन के युद्ध शुरू होने के बाद से ही यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की कोशिश करते रहे हैं कि उन्हें इजरायल की ओर से मदद मिले।
हालांकि इजरायल की ओर से कई बार यूक्रेन में मानवीय मदद भेजी जा चुकी है, लेकिन डिफेंस उपकरण और हथियारों की मदद से इजरायल ने लगातार बचने की कोशिश की है। इससे पहले सितंबर में भी जेलेंस्की ने कहा था कि इजरायल ने यूक्रेन को खुद की रक्षा करने के लिए मदद के तौर पर कुछ भी नहीं दिया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा था, 'इजरायल ने हमें कुछ नहीं दिया। मैं समझता हूं कि वह भी सीरिया और रूस के साथ मुश्किल स्थिति में है। मैं जानता हूं कि इजरायल को अपनी धरती को बचाने की जरूरत है। लेकिन इसी बीच मुझे जानकारी मिलती है कि इजरायल दूसरे देशों को एयर डिफेंस सिस्टम बेच रहा है। इसी वजह से मैं हैरान हूं।'
जानकारों के मुताबिक इजरायल नहीं चाहता कि वह रूस से नाराजगी मोल ले। दरअसल सीरियन एयर स्पेस पर रूस का कब्जा है, जिसका इस्तेमाल इजरायल की एयरफोर्स ईरान के खिलाफ स्ट्राइक करने में करती है। इजरायल नहीं चाहता कि वह अपना अहित कर यूक्रेन की मदद करे।
इससे पहले अक्टूबर में रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव ने इजरायल को यूक्रेन की मदद करने को लेकर चेतावनी दी थी। दिमित्री ने कहा था कि अगर इजरायल यूक्रेन को हथियार सप्लाई करेगा तो रूस और इजरायल के राजनयिक संबंध खत्म हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications