बांग्लादेश, पाकिस्तान, हिंदुस्तान.. दुनिया के इन तीन देशों में सबसे जानलेवा हवा, बेगूसराय ने तो नाक कटवा दी!
World's worst polluted cities: बांग्लादेश, पाकिस्तान और भारत, ये वो तीन देश हैं, जहां की शहरों को दुनिया की सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल किया गया है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल दुनिया के सबसे खराब वायु प्रदूषण वाले 100 शहरों में से एक को छोड़कर सभी एशिया में थे।
इन शहरों में प्रदूषण जानलेवा स्तर को भी पार कर गया है और जलवायु संकट, हवा को और भी ज्यादा जहरीली बनाने में मदद कर रहा है, जो दुनिया भर में अरबों लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डाल रहा है।

दुनिया के सबसे ज्यादा प्रदूषित देश
दुनिया भर में हवा की क्वालिटी पर नजर रखने वाली IQAir की रिपोर्ट में दावा किया गया है, कि दुनिया के सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में सबसे ज्यादा 83 शहर भारत में हैं, जो वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) की तरफ से तय किए गये एयर क्वालिटी की सीमा रेखा से 10 गुना ज्यादा प्रदूषित हैं
इस स्टडी में विशेष रूप से सूक्ष्म कण पदार्थ या पीएम2.5 पर फोकस किया गया है, जो सबसे छोटा, मगर सबसे घातक प्रदूषक होता है। 7,800 से ज्यादा शहरों में से सिर्फ 9% शहर ही ऐसे मिले हैं, जो WHO के स्टैंडर्ड पर सही उतरते हैं। WHO के तय स्टैंडर्ड के मुताबिक, PM2.5 का औसत वार्षिक स्तर 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से ज्यादा नहीं होना चाहिए।
आईक्यूएयर ग्लोबल के सीईओ फ्रैंक हैम्स ने कहा, "हमारे जीवन के हर एक हिस्से में वायु प्रदूषण का प्रभाव दिख रहा है और दुनिया के सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में ये प्रभाव काफी ज्यादा है, जो लोगों की जिंदगी को 3 से 6 साल पहले खत्म कर देते हैं। लेकिन, जिंदगी खत्म होने से पहले वो कई साल गंभीर बीमार रहते हैं, जिसे पूरी तरह से रोका जा सकता है।"
दरअसल, जब हम सांस लेते हैं, तो PM2.5 हमारे फेफड़ों के ऊतकों में काफी गहराई तक पहुंच जाता है, जहां ये हमारे खून में मिल जाता है। इसका सबसे बड़ा स्रोत जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल, धूल भरी आंधी और जंगलों में फैली आग वजह होता है, जिससे अस्थमा, हृदय और फेफड़ों से जुड़ी बीमारी, कैंसर और अन्य सांस संबंधित दूसरी तरह की बीमारियों के होने का खतरा रहता है।
बिहार के बेगुसराय को पिछले साल दुनिया के सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में शामिल किया गया है, जहां औसत वार्षिक PM2.5 सांद्रता 118.9 थी, जो WHO स्टैंडर्ड से 23 गुना ज्यादा है। IQAir रैंकिंग में इसके बाद भारतीय शहर गुवाहाटी, असम, दिल्ली, और मुल्लांपुर शामिल हैं।

दुनिया के प्रदूषित देशों की लिस्ट
दुनिया के टॉप-10 प्रदूषित देशों की लिस्ट में बांग्लादेश पहले नंबर पर है, जबकि पाकिस्तान दूसरे नंबर पर, तीसरे नंबर पर भारत, चौथे नंबर पर ताजिकिस्तान, पांचवें नंबर पर बुर्किना फासो, छठे नंबर पर इराक, सातवें नंबर पर UAE, आठवें नंबर पर नेपाल, नौंवे नंबर पर इजिप्ट और दसवें नंबर पर डीआर कांगो है।
इन देशों में PM2.5 का लेवल, WHO के स्टैंडर्स से 7 से 10 गुना ज्यादा है।
- 2023 में बांग्लादेश में औसत एयर क्वालिटी विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के सुरक्षा दिशानिर्देशों से लगभग 16 गुना ज्यादा हो गई, जिससे यह विश्व स्तर पर सबसे खराब एयर क्वालिटी वाला देश बन गया।
- बांग्लादेश के बाद सबसे ज्यादा दूषित शहरों में 10 में 9 शहर भारत के हैं, जबकि एक शहर पाकिस्तान का है।
- रिपोर्ट में दावा किया गया है, कि भारत में 130 करोड़ लोग, यानि करीब 96 प्रतिशत आबादी WHO स्टैंडर्ड के मुताबिक, खराब एयर क्वालिटी वाले शहरों में रहते हैं।
- मध्य और दक्षिण एशिया, दुनिया में वायु प्रदूषण को लेकर सबसे खराब रैकिंग हासिल करने वाले देश हैं, जिनमें शीर्ष पर बांग्लादेश, पाकिस्तान, भारत और ताजिकिस्तान हैं।
- दक्षिण एशिया के लिए इस रिपोर्ट में और भी ज्यादा चिंताजनक बात है, क्योंकि यहां के 30 सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में से 29 शहर भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के हैं।
- पाकिस्तान के लाहौर को पांचवें, नई दिल्ली को छठवें और ढाका को 24वें स्थान पर रखा गया है।
दुनिया की वो 10 देश, जहां एयर क्वालिटी WHO स्टैंडर्ड के मुताबिक सबसे ज्यादा अच्छा है, उनमें फिनलैंड, एस्टोनिया, प्यूर्टो रिको, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, बरमूडा, ग्रेनेडा, आइसलैंड, मॉरीशस और फ्रेंच पोलिनेशिया हैं।












Click it and Unblock the Notifications