कुएं की खुदाई में चमकी किस्मत, गलती से मिला दुनिया का सबसे बड़ा नीलम, 7 अरब से ज्यादा है कीमत
कोलंबो, 28 जुलाई: भारत का पड़ोसी देश श्रीलंका भी तेजी से विकास कर रहा है, लेकिन उसके कई इलाके ऐसे हैं, जहां अभी भी पानी के लिए कुएं का इस्तेमाल किया जाता है। हाल ही में वहां पर एक व्यापारी ने घर के आंगन में कुआं खुदवाने का मन बनाया, जिससे उसकी किस्मत अचानक से बदल गई। खुदाई के दौरान एक ऐसा बेशकीमती पत्थर मिला, जिसकी कीमत अरबों में है।

बनावट देखकर हुआ शक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये चौंकाने वाली घटना श्रीलंका के रत्नपुरा इलाके से सामने आई है। अपने नाम के अनुरुप यहां पर काफी मात्रा में रत्न पाए जाते हैं। हाल ही में वहां पर एक व्यापारी कुआं खुदवा रहा था, जिसमें गलती से एक बड़ा पत्थर निकल आया। शुरू में आम पत्थर समझते हुए मजदूर उसे किनारे फेंकने की सोच रहे थे, लेकिन उसकी बनावट देखकर उनको शक हुआ। बाद में जब उसकी जांच हुई, तो सभी हैरान रह गए।
Recommended Video

510 किलोग्राम है वजन
श्रीलंकाई अधिकारियों के मुताबिक वो पत्थर बेशकीमती नीलम था, जिसका वजन 510 किलोग्राम है। इसे सेरेंडिपिटी सफायर नाम दिया गया है, जिसका मतलब होता है किस्मत से मिला नीलम। अगर मौजूदा वक्त की बात करें, तो बाजार के हिसाब से इसकी कीमत तकरीबन 100 मिलियन डॉलर यानी साढ़े सात अरब रुपये के आसपास होगी। वहीं अभी इसे दुनिया का सबसे बड़ा नीलम माना जा रहा है।

25 लाख कैरेट का नीलम
वहीं जिस शख्स को ये नीलम का पत्थर मिला है, उसने सुरक्षा कारणों से अपनी पहचान गुप्त रखी है। बीसीसी से बात करते हुए शख्स ने बताया कि वो पेशे से रत्न व्यापारी हैं। जब उनको घर के आंगन में पत्थर मिला, तो उन्होंने तुरंत उसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दी। शुरुआती जांच में ये नीलम 25 लाख कैरेट का बताया जा रहा है, लेकिन अभी उसके ऊपर की मिट्टी और गंदगी हटाने में एक साल का वक्त लग जाएगा। इसके बाद ही उसकी कीमत का सही पता लग पाएगा।

पहले कभी नहीं दिखा ऐसा नीलम
वहीं मामले में श्रीलंका के मशहूर रत्न विशेषज्ञ डॉक्टर जैमिनी जोय्सा भी इस नीलम के पत्थर को देखकर हैरान हैं। उन्होंने कहा कि वो कई सालों से इस फील्ड में हैं, लेकिन उन्होंने ऐसा नीलम पहले कभी नहीं देखा। अनुमान के मुताबिक ये करीब 40 करोड़ साल पहले बना होगा, जिस वजह से ये बेशकीमती है। उनके मुताबिक अभी अंदर के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। हो सकता है कि अंदर के रत्नों की वैल्यू कम हो, ऐसे में कीमत का सही अंदाजा सफाई के बाद ही लग पाएगा।

श्रीलंका के लिए है बहुत खास
दरअसल कोरोना महामारी की वजह से श्रीलंका का रत्न उद्योग ठप पड़ा हुआ है। ऐसे में इस खास नीलम के मिलने के बाद उम्मीद जताई जा रही कि अब दुनियाभर के लोगों का ध्यान श्रीलंकाई बाजार की ओर आकर्षित होगा। ये अभी तक दुनिया में मिला सबसे बड़ा नीलम बताया जा रहा है, ऐसे में हो सकता है कि कोई म्यूजियम इसको अपने यहां रखने में दिलचस्पी दिखाएं।












Click it and Unblock the Notifications