महिला अरबपति बॉस ने दी ऐसी सरप्राइज गिफ्ट, कर्मचारियों की आंखों से छलक पड़े आंसू
न्यूयॉर्क, 29 अक्टूबर: अमेरिका में महिलाओं की टाइट-फिटिंग अंडरगार्मेंट्स बनाने वाली एक कंपनी की संस्थापक और सीईओ ने कारोबार बढ़ने पर अपने कर्मचारियों को ऐसा सरप्राइज गिफ्ट दिया है, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। यही वजह है कि स्पैनक्स कंपनी की सीईओ सारा ब्लैकली जब यह घोषणा कर रही थीं तो कर्मचारियों की आंखों से आंसू छलक रहे थे। दिवाली के मौके पर कई भारतीय कंपनियां भी अपने कर्मचारियों को बेशकीमती उपहार देने के लिए जानी जाती हैं, लेकिन दुनिया की सबसे कम उम्र की महिला अरबपति उद्यमी ब्लैकली ने जो किया है, उसने कंपनी के स्टाफ के दिल को छू लिया है।

दुनिया में कहीं भी जाने के लिए फर्स्ट क्लास के 2 एयर टिकट
अमेरिका में महिलाओं की टाइट-फिटिंग अंडरगार्मेंट्स बनाने वाली कंपनी स्पैनक्स की फाउंडर और सीईओ सारा ब्लैकली ने हाल ही में ऑफिस की एक पार्टी में अपने कर्मचारियों को दुनिया में कहीं भी जाने के लिए डेल्टा एयरलाइंस के फर्स्ट-क्लास के दो टिकट दिए हैं। लेकिन, ठहरिये। उन्होंने सिर्फ शानदार एयर ट्रिप का ही इंतजाम नहीं किया है। बल्कि इस ट्रिप पर खर्च करने के लिए अपने कर्मचारियों को 10,000 अमेरिकी डॉलर बतौर कैश भी दिए हैं। मतलब, कंपनी के खर्चे पर कर्मचारियों को पूरी मस्ती का मौका दिया जा रहा है और जाहिर है कि छुट्टी भी पहले से ही मंजूरी की गई है।

कंपनी ने क्यों दिखाई ये दरियादिली ?
दरअसल, कंपनी प्राइवेट इक्विटी फर्म ब्लैकस्टोन के साथ 1.2 अरब डॉलर के सौदे का जश्न मना रही है। ब्लैकली ने पिछले हफ्ते इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह कर्मचारियों से कह रही थीं कि, 'इस पल का जश्न मनाने के लिए, मैंने आप सबके लिए दुनिया में कहीं भी यात्रा के लिए फर्स्ट क्लास के दो-दो टिकट खरीदे हैं।' बता दें कि स्पैनक्स कंपनी में 500 से ज्यादा कर्मचारी हैं और इसकी युवा फाउंडर ने सबको यह गिफ्ट दिया है। स्पैनक्स ने अपने कर्मचारियों को इतना शानदार गिफ्ट देकर जरूर चौंका दिया है, लेकिन ऐसा करने वाली यह पहली कंपनी नहीं है।

दूसरी कंपनियों ने कर्मचारियों को कब दिए महंगे गिफ्ट ?
2019 की बात है अमेरिका के मेरीलैंड स्थित रीयल एस्टेट कंपनी सेंट जॉन प्रोपर्टीज ने अपने 198 कर्मचारियों के बीच होलीडे पार्टी के दौरान 1 करोड़ अमेरिकी डॉलर का बोनस बांटा था। यह बोनस औसतन एक कर्मचारी को करीब 50,000 अमेरिकी डॉलर मिला था। हालांकि, जो कर्मचारी जितना पुराना था, उसे इसके ज्यादा हिस्से मिले थे। इसी तरह मिशिगन परिवार के स्वामित्व वाली फ्लोराक्राफ्ट ने 2018 में क्रिसमस के मौक पर अपने 200 कर्मचारियों के बीच 4 करोड़ अमेरिकी डॉलर का बोनस बांटा था।

भारत में कंपनियों की दिवाली गिफ्ट
भारत में सूरत के हीरा कारोबारी सावजी ढोलकिया भी हर साल दिवाली के मौके पर अपने स्टाफ को महंगे गिफ्ट देने के लिए मशहूर हैं। 2018 में उन्होंने अपने तीन कर्मचारियों को 25 साल की नौकरी पूरी होने पर 1-1 करोड़ कीमत वाली मर्सिडीज-बेंज एसयूवी गिफ्ट में दी थी। इसी तरह हरि कृष्ण एक्सपोर्ट्स भी अपने कर्मचारियों को इसी तरह की महंगे गिफ्ट दे चुका है। 2016 में ढोलकिया ने दिवाली बोनस के तौर पर अपने कर्मचारियों को 1,260 कार और 400 फ्लैट दिए थे। वह इसी तरह लगभग हर साल अपने कर्मचारियों को खुश करते रहे हैं। इस साल सर्राफ फर्नीचर ने अपने कर्मचारियों को दिवाली से 12 दिन के फेस्टिवल ब्रेक देने की घोषणा की है। इस कंपनी में 1,500 से ज्यादा कर्मचारी हैं।
कर्मचारियों को कंपनी के खर्चे पर दुनिया घूमने का मौका
यानी स्पैनक्स दुनिया की पहली कंपनी नहीं है, जो कर्मचारियों को होलीडे ब्रेक दे रही है और वह भी अपने खर्चे पर। भारत में भी इस साल सर्राफ फर्नीचर ने इसकी शुरुआत कर दी है। यह वही वीडियो है, जिसमें सारा ब्लैकली की घोषणा ने कंपनी के कर्मचारियों को काफी भावुक कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications