तस्वीरों में देखें कैसे पीओके में कश्मीर के नाम पर चंदा मांग रहे हैं हाफिज सईद के लोग
नई दिल्ली। कश्मीर में हिंसा में पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की जमीन का इस्तेमाल का एक और सबूत सामने आया है। यहां पाक अधिकृत कश्मीर से कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आईं हैं जो पाक कोई आईना दिखाने के लिए काफी हैं।

पोस्टर पर आतंकियों की तस्वीरें
मिली जानकारी के अनुसार पीओके स्थित रावलकोट में हाफिज सईद के संगठन जमात-उत-दावा से जुड़े फलाह-ए-इंसानित ने कश्मीर के नाम पर चंदे बटोरे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई की ओर से जारी की गई तस्वीरों में यह साफ दिख रहा है कि चंदे के लिए आयोजन स्थल पर लगाए गए पोस्टर बैनर पर आंतकी हाफिज सईद, आसिया अंद्राबी और सलाउद्दीन सरीखे लोगों की तस्वीर लगी है।

पत्थरबाजों की तस्वीरें भी
वहीं एक और पोस्टर पर बुरहान वानी और पैलेट गन के शिकार लोगों की तस्वीर भी लगी है। इसी पोस्टर पर कश्मीर घाटी में अशांति फैलाने वाले पत्थरबाजों की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। एजेंसी की ओर से जारी की गई तस्वीरों में पाकिस्तानी करेंसी भी दिख रही है जो लोगों ने दान में दिए हैं।

सलाउद्दीन ने कहा था...
इससे पहले हाल ही में अमेरिका की ओर से ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किए गए आतंकी हिजबुल मुजाहिद्दीन के चीफ सैयद सलाउद्दीन पाकिस्तान के एक न्यूज चैनल जीओ टीवी पर नजर आया था। चैनल को दिए खास इंटरव्यू में सलाउद्दीन ने बिना झिझक इस बात को कुबूल किया था कि उसने और उसके संगठन ने भारत में कई आतंकी हमलों को अंजाम दिया है।

रैली में की थी अपील
सलाउद्दीन ने इंटरव्यू में कहा, 'अब तक हमारा ध्यान भारत की सेना पर था। सभी ऑपरेशंस जो हुए या हो रहे हैं, वे सिर्फ सेनाओं और उनके संस्थानों को ध्यान में रखकर अंजाम दिए गए।' दो दिन पहले यानी शनिवार को सलाउद्दीन ने पीओके के मुजफ्फराबाद में एक रैली का आयोजन किया था। उसने इस रैली में अपने लड़ाकों से अपील की थी कि वे उन सभी मिलिट्री संस्थानों को निशाना बनाएं जो नागरिकों का विरोध करते हैं। (तस्वीर में चंदे के लिए इकट्ठा की गई तस्वीर)












Click it and Unblock the Notifications