'भारत के पास बहुत पैसा है, हम क्यों दे 21 मिलियन डॉलर?', USAID फंड पर Donald Trump ने कहा
Donald Trump: अमेरिकी सरकार के दक्षता विभाग (DOGE) द्वारा 'भारत में मतदान' के लिए निर्धारित 21 मिलियन डॉलर के फंड को रोक दिया गया है। अमेरिकी फंडिंग रोकने के DOGE के फैसले का बचाव करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'हम भारत को 21 मिलियन डॉलर क्यों दे रहे हैं? उनके पास बहुत ज़्यादा पैसा है।'
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'भारत हमारे मामले में दुनिया में सबसे ज़्यादा कर(टैक्स) लगाने वाले देशों में से एक हैं। हम मुश्किल से वहां पहुंच सकते हैं क्योंकि उनके टैरिफ बहुत ज़्यादा हैं। मैं भारत और उनके प्रधानमंत्री का बहुत सम्मान करता हूं, लेकिन मतदान के लिए 21 मिलियन डॉलर क्यों देना?'

यह बात अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मार-ए-लागो (Mar-a-Lago) में कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर (साइन्) करते हुए कही। दरअसल, 6 फरवरी को DOGE ने अमेरिकी करदाताओं द्वारा वित्तपोषित परियोजनाओं को रद्द करने का विवरण देते हुए एक सूची जारी की। इनमें से एक "भारत में मतदाता मतदान" के लिए निर्धारित 21 मिलियन अमेरिकी डॉलर था।
एलन मस्क के नेतृत्व वाले विभाग ने शनिवार को इस निर्णय की घोषणा की। DOGE ने कहा था कि अमेरिका ने भारत में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बनाए गए दो करोड़ डॉलर के कार्यक्रम में कटौती करने का फैसला किया है। खबर के मुताबिक, अमेरिका भारत में चुनावों के दौरान मतदाता भागीदारी बढ़ाने के लिए दो करोड़ डॉलर इसलिए देता था। लेकिन, अब यह फंडिंग भारत को नहीं मिलेगी।
इस पर अब भाजपा की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। अमित मालवीय ने एक्स पर इस घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने इस तरह के वित्तपोषण के पीछे के उद्देश्य पर सवाल उठाते हुए कहा, "मतदाताओं के मतदान के लिए 21 मिलियन डॉलर? यह निश्चित रूप से भारत की चुनावी प्रक्रिया में बाहरी हस्तक्षेप है। इससे किसे लाभ होगा? निश्चित रूप से सत्तारूढ़ पार्टी को नहीं!"












Click it and Unblock the Notifications