Thomas Matthew Crooks: थॉमस मैथ्यू क्रुक्स कौन था, जिसने ट्रंप पर चलाई गोली? बाइडेन की पार्टी से निकले संबंध
Who was Thomas Matthew Crooks: डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश करने वाले आरोपी की पहचान उनपर हुए हमले के कुछ ही देर बाद कर ली गई थी और FBI ने कहा था, कि थॉमस मैथ्यू क्रुक्स नाम के शख्स ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति पर गोली चलाई थी, जिसे फौरन मार गिराया गया था।
FBI कहा है, कि पेंसिल्वेनिया के रहने वाले 20 साल के थॉमस मैथ्यू क्रूक्स ने बटलर ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर गोली चलाई थी और उसका मकसद डोनाल्ड ट्रंप की हत्या करना था। हालांकि, महज एक इंच की वजह से डोनाल्ड ट्रंप की जान बच गई।

गोलीबारी की इस घटना में 50 साल के एक शख्स की मौत हो गई, जो ट्रंप की रैली में आए थे और दो अन्य लोग घायल हो गये हैं, वहीं डोनाल्ड ट्रंप का कान गोली लगने की वजह से फट गया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी क्रूक्स उस मंच से 150 गज (140 मीटर) दूर एक छत पर मौजूद था, जहां ट्रंप रैली को संबोधित कर रहे थे और उसने AR-15-शैली की सेमी ऑटोमेटिक राइफल से फायरिंग की थी। यह हथियार उसके पिता ने कानूनी तौर पर खरीदा था।
थॉमस मैथ्यू क्रुक्स कौन था?
पेंसिल्वेनिया के बेथेल पार्क का रहने वाला थॉमस मैथ्यू क्रुक्स एक रजिस्टर्ड रिपब्लिकन था, जो इस साल 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनावों में पहली बार वोट डालने वाला था।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उसने 2022 में बेथेल पार्क हाई स्कूल से ग्रेजुएशन किया था और उसके दोस्तों ने उसे एक होनहार और शांत सहपाठी बताया है। आरोपी के हाई स्कूल काउंसलर ने चौंकाते हुए कहा है, कि वो एक अच्छा लड़का था और ज्यादातर वक्त अपने आप में रहता था और स्कूल में पढ़ाई के दौरान उसे राजनीति में कुछ खास दिलचस्पी नहीं थी।
एफबीआई ने कहा कि उसके सोशल मीडिया प्रोफाइल में धमकी भरी भाषा नहीं मिली है और इस बात के सबूत भी नहीं मिले हैं, कि उसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी ही कोई परेशानी थी। अधिकारी उसके राजनीतिक झुकाव का भी पता नहीं लगा सके है, क्योंकि उसके सोशल मीडिया प्रोफाइल में हिंसा या इसी तरह की गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले किसी भी तरह का पोस्ट नहीं मिला है।
हालांकि, क्रूक्स ने अपने स्कूल के दिनों में राइफल टीम में चुने जाने की कोशिश की थी, लेकिन उसे इसलिए बाहर कर दिया गया था, क्योंकि वह एक खराब शूटर था। टीम के एक मौजूदा कप्तान ने समाचार एजेंसी एपी को इसकी जानकारी दी है। उसके एक सहपाठी ने भी एक इंटरव्यू में कहा है, कि क्रूक्स की दिलचस्पी कंप्यूटर साइंस और गेम खेलने में थी।
अभी तक मिली जानकारी से पता चला है, कि आरोपी क्रूक्स एक नर्सिंग होम में आहार सहायक के रूप में काम करता था। सार्वजनिक रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके पिता एक रजिस्टर्ड रिपब्लिकन और उसकी मां एक रजिस्टर्ड डेमोक्रेट हैं। लिहाजा, अब इस बात की जांच की जा रही है, कि क्या उसकी मां ने उसकी विचारधारा पर कोई प्रभाव तो नहीं डाला था।
क्रूक्स ने कैसे की थी ट्रंप की हत्या की कोशिश?
समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के चुनाव अभियान कार्यक्रम के ठीक बाहर क्रूक्स पुलिस की नजर में आ गया था और वहां मौजूद कई लोगों ने भी उसे "अजीब तरह से व्यवहार करते हुए" देखा था। एक अधिकारी ने बताया, कि उपस्थित लोगों ने उसे सीढ़ी चढ़ते हुए देखा, जिसके बाद अधिकारियों ने उसकी तलाश भी शुरू की, लेकिन उसे अधिकारी खोज नहीं पाए।
चश्मदीदों का कहना है, कि आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को जानकारी दी गई थी, लेकिन अधिकारियों ने उसे खोजने की कोई कोशिश नहीं की।
अधिकारियों के मुताबिक ट्रंप पर गोली चलाने के फौरन बाद सीक्रेट सर्विस के स्नाइपर्स ने आरोपी क्रूक्स को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। एफबीआई ने कहा है, कि वे इस घटना की जांच 'घरेलू आतंकवाद' के संभावित कृत्य के रूप में कर रहे हैं, और उनका मानना है, कि क्रूक्स "अकेले काम कर रहा था", लेकिन उसके इरादों और राजनीतिक विश्वासों के बारे में फिलहाल अनिश्चितता है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए और समाचार एजेंसी एपी द्वारा जियोलोकेटेड एक वीडियो में क्रूक्स को एक ग्रे टी-शर्ट पहने हुए दिखाया गया है, जिसके दाहिने हाथ पर एक काला अमेरिकी झंडा लगा हुआ है, और वह बटलर फार्म शो ग्राउंड के ठीक उत्तर में एक मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र की छत पर लेटा हुआ है, जहां ट्रम्प की रैली आयोजित की गई थी।
समाचार एजेंसी ने मारे जाने के बाद क्रूक्स के बॉडी को देखा, तो पता चला कि उसने डेमोलिशन रांच की टी-शर्ट पहन रखी थी। डेमोलिशन रांच एक लोकप्रिय यूट्यूब चैनल है, जिसमें मानव पुतलों सहित अलग अलग लक्ष्यों पर हैंडगन और असॉल्ट राइफलों से गोली चलाया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications