Shalini Singh कौन थी? 5 माह बाद कनाडा में मिला शव, DNA रिपोर्ट से खुली लिव-इन पार्टनर के टॉर्चर की दास्तां
Shalini Singh Murder Case: भारतीय मूल की 40 वर्षीय शालिनी सिंह की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कनाडा के हैमिल्टन में ग्लेनब्रूक लैंडफिल से मिले मानव अवशेषों की डीएनए जांच में पुष्टि हुई कि वे शालिनी के हैं। पुलिस ने उसके लिव-इन पार्टनर, 42 वर्षीय जेफरी स्मिथ को गिरफ्तार किया है, जिस पर द्वितीय डिग्री हत्या और मानव अवशेषों के साथ अपमानजनक व्यवहार का आरोप है।
स्मिथ का हिंसक इतिहास और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का रिकॉर्ड इस मामले को और रहस्यमय बनाता है। खास बात यह है कि दिसंबर 2024 में लापता हुई शालिनी के शवों के अवशेष, 5 महीने बाद 21 मई को मिले। एक महीने बाद 20 जून को DNA रिपोर्ट ने गई गहरे राज उजागर किए। आइए जानते हैं विस्तार से...

4 दिसंबर 2024 को मां से बोली- I Love U, फिर लापता
मानसिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता शालिनी सिंह के लापता होने की रिपोर्ट उसके परिवार ने 10 दिसंबर 2024 को दर्ज कराई थी। उसकी मां अनीता सिंह के साथ आखिरी बातचीत 4 दिसंबर 2024 को रात 7:10 बजे हुई थी, जब शालिनी ने फोन पर बार-बार कहा, 'मम्मी, मैं तुमसे प्यार करती हूं।' इसके बाद वह अचानक गायब हो गईं। परिवार ने शालिनी और उसके लिव-इन पार्टनर जेफरी स्मिथ के फोन पर बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
जांच का खुलासा: हत्या का शक, 5,000 क्यूबिक मीटर कचरे में तलाश!
हैमिल्टन पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया कि शालिनी 2 दिसंबर 2024 को अपने डाउनटाउन हैमिल्टन अपार्टमेंट में आखिरी बार देखी गई थीं। सैकड़ों घंटों की सीसीटीवी फुटेज की जांच में कोई सबूत नहीं मिला कि वह उस दिन के बाद जीवित इमारत से बाहर निकलीं।
पुलिस को शक हुआ कि शालिनी की हत्या उनके अपार्टमेंट में हुई और उनके शव को बिल्डिंग के कचरा निपटान सिस्टम के जरिए ठिकाने लगाया गया। जीपीएस डेटा की मदद से पुलिस ने ग्लेनब्रूक लैंडफिल में 5,000 क्यूबिक मीटर कचरे की छानबीन शुरू की।
लैंडफिल में मिले अवशेष, DNA ने किया बड़ा खुलासा
24 फरवरी 2025 से शुरू हुई लैंडफिल की तलाशी में 21 मई को आंशिक मानव अवशेष मिले। 20 जून 2025 को सेंटर ऑफ फोरेंसिक साइंसेज की DNA जांच ने पुष्टि की कि ये अवशेष शालिनी सिंह के थे। पुलिस का मानना है कि हत्या 4 दिसंबर की रात या 5 दिसंबर की सुबह हुई। लैंडफिल में तलाशी 27 जून तक जारी रहेगी ताकि और सबूत जुटाए जा सकें।
जेफरी स्मिथ: हिंसक अतीत वाला आरोपी
42 वर्षीय जेफरी स्मिथ, शालिनी का लिव-इन पार्टनर, 20 जून को बर्लिंगटन के एक पार्किंग लॉट से गिरफ्तार किया गया। वह 5-7 साल से शालिनी के साथ रह रहा था। स्मिथ का हिंसक इतिहास रहा है-2012 में उसने अपनी मां और एक पड़ोसी पर हमला किया था, लेकिन मानसिक बीमारी के कारण उसे मुक्त कर दिया गया। 2017 तक वह सेंट जोसेफ हेल्थकेयर में था और 2022 में उसे पूर्ण रूप से छोड़ा गया। हालांकि, अस्पताल ने विरोध जताया था, क्योंकि वह 'सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा' था।
शालिनी, जो खुद मानसिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता थीं, ने स्मिथ की रिहाई का समर्थन किया था, लेकिन पुलिस का कहना है कि इस हत्या में मानसिक स्वास्थ्य की भूमिका कोर्ट तय करेगा। स्मिथ ने जांच में कोई सहयोग नहीं किया और शुरू से ही चुप्पी साधे रहा।
कानूनी कार्रवाई, क्या उठे सवाल?
स्मिथ पर द्वितीय डिग्री हत्या और मानव अवशेषों के अपमान का आरोप है। उसकी पहली पेशी 21 जून को हुई। पुलिस का कहना है कि कोई अन्य संदिग्ध नहीं है और हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ। इस मामले ने मानसिक स्वास्थ्य, घरेलू हिंसा, और साइकोलॉजिकल प्रोफाइलिंग पर सवाल उठाए हैं। क्या स्मिथ की रिहाई एक भूल थी? क्या शालिनी को खतरे का अंदाजा था? यह हत्याकांड कई अनुत्तरित सवाल छोड़ गया है।












Click it and Unblock the Notifications