TikToker Shamsoo Bibi कौन थीं? रावलपिंडी में क्यों गोलियों से भून डाला गया? दर्दनाक मौत-15 साल की बहन घायल
Pakistani TikToker Shamsoo Bibi Murder: पाकिस्तान के रावलपिंडी जिले में 28 वर्षीय पाकिस्तानी टिकटॉकर शमसू बीबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तक्षशिला इलाके में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उस वाहन पर गोलियां चला दीं, जिसमें शमसू अपनी 15 वर्षीय बहन और भाई के साथ सफर कर रही थीं। हमले में शमसू की मौत हो गई, जबकि उनकी नाबालिग बहन घायल हो गईं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शमसू के पिता ने पुलिस शिकायत में दो लोगों पर संदेह जताया है और हत्या के पीछे वित्तीय लेन-देन से जुड़े विवाद की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और किसी गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे क्या हुआ? पूरा मंजर...

Who Was Shamsoo Bibi: कौन थी शमसू बीबी?
शमसू बीबी पाकिस्तान की सोशल मीडिया क्रिएटर और टिकटॉकर थीं। वह ऑनलाइन आयशा और गुलेमाना नाम से भी पहचानी जाती थीं। उनके पिता के मुताबिक, शमसू पिछले करीब तीन से चार साल से TikTok पर सक्रिय थीं और उनके लगभग 13 लाख फॉलोअर्स थे। उनका परिवार मूल रूप से खैबर पख्तूनख्वा का रहने वाला बताया जाता है। फिलहाल परिवार इस्लामाबाद के पास फैसल हिल्स इलाके में रह रहा था। सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता के कारण उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी।
कार में बहन-भाई के साथ जा रही थीं शमसू
पुलिस के मुताबिक, घटना 14 अगस्त की दोपहर तक्षशिला इलाके में हुई। शमसू बीबी अपनी 15 वर्षीय बहन और भाई के साथ एक निजी वाहन में सफर कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने वाहन पर गोलियां बरसा दीं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से शमसू गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई। उनकी 15 वर्षीय बहन भी हमले में घायल हुई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
हत्या के पीछे क्या था मकसद?
शमसू बीबी की हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, उनके पिता ने पुलिस को दी शिकायत में वित्तीय लेन-देन और कथित धमकियों को हत्या की संभावित वजह बताया है। शमसू के पिता फैजल साहिबजादा ने अपनी शिकायत में जावेद और कौसर उर्फ शाहीन नाम के दो लोगों पर संदेह जताया है। उनका दावा है कि उनकी बेटी का इन लोगों के साथ आर्थिक लेन-देन था और कथित तौर पर पैसे लौटाने को लेकर उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। शिकायत में काशिफ नाम के एक अन्य व्यक्ति की कथित भूमिका का भी जिक्र किया गया है। रावलपिंडी पुलिस ने हमले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications
