Midtown Manhattan News: न्यूयॉर्क की ऊंची इमारत में खूनी खेल! कौन है शेन तमुरा जिसने ले ली 4 लोगों की जान
Who is Shane Tamura: न्यूयॉर्क सिटी की चमचमाती इमारतों और व्यस्त सड़कों के बीच सोमवार की शाम अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी। मिडटाउन मैनहटन के 345 पार्क एवेन्यू स्थित एक बहुमंजिला इमारत में एक हथियारबंद युवक ने अंदर घुसते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
इस दिल दहला देने वाली घटना में एक पुलिसकर्मी समेत कुल चार लोगों की जान चली गई। बाद में हमलावर की लाश उसी इमारत की ऊपरी मंजिल से बरामद हुई। पुलिस ने उसकी पहचान शेन तमुरा के रूप में की है। तमुरा कभी एक उभरता हुआ फुटबॉल खिलाड़ी था और अब उसकी पहचान एक खूनी हमलावर के तौर पर हो गई है।

कौन था शेन तमुरा?
न्यूयॉर्क सिटी के मिडटाउन मैनहटन इलाके में हुए हमले को अंजाम देने वाले शख्स की पहचान 27 वर्षीय शेन तमुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लास वेगास का निवासी था और कभी एक फुटबॉल खिलाड़ी भी रहा है। सोशल मीडिया पर उसकी एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें उसका नेवादा का हथियार लाइसेंस भी दिखाया गया है।
ये भी पढ़ें: Santishree Dhulipudi Pandit: कौन हैं शांतिश्री धुलीपुडी पंडित, शिक्षा मंत्रालय ने किस बात को लेकर भेजा नोटिस
NFL और अन्य दफ्तरों वाले बिल्डिंग में मचा तांडव
शेन तमुरा ने शाम करीब 6:30 बजे 345 पार्क एवेन्यू की एक ऊंची बिल्डिंग में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस इमारत में ब्लैकस्टोन, NFL और KPMG जैसी बड़ी कंपनियों के मुख्यालय मौजूद हैं। हमले में तीन आम लोग और एक NYPD पुलिसकर्मी की मौत हो गई। बाद में तमुरा की लाश बिल्डिंग की 33वीं मंजिल पर मिली, जहां उसने खुद को गोली मार ली थी।
क्या NFL में सेलेक्शन न होना वजह थी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेन तमुरा एक समय में ग्रेनाडा हिल्स के लिए फुटबॉल खेलता था और एक शानदार रनिंग बैक माना जाता था। कहा जा रहा है कि वह NFL में अपनी जगह नहीं बना पाया था, जिस कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक उसकी पृष्ठभूमि या हमले के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। फिलहाल, इस संबंध में जांच जारी है।
नेताओं ने जताया दुख
न्यूयॉर्क के मेयर पद के उम्मीदवार ज़ोहरान ममदानी ने एक्स पर लिखा, "मिडटाउन में हुई भीषण फायरिंग से बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और घायल पुलिसकर्मी के साथ हैं। इस मुश्किल घड़ी में सभी फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स का आभार।" वहीं, हाउस माइनॉरिटी लीडर हकीम जेफ्रीज ने कहा, "मिडटाउन मैनहटन की इस दुखद घटना से बेहद व्यथित हूं। भगवान हमारे शहर की सुरक्षा करें।"
जांच जारी
NYPD की टीम घटना की हर एंगल से जांच कर रही है। हमलावर शेन तमुरा के फोन, सोशल मीडिया और मानसिक स्थिति को लेकर भी जानकारी इकट्ठा की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जल्द ही इस हमले की असली वजह सामने आ सकती है।
ये भी पढ़ें: Divya Deshmukh: कौन हैं दिव्या देशमुख? 19 साल की उम्र में खत्म किया चीन का दबदबा, हुई पैसों की बारिश












Click it and Unblock the Notifications